उझानी

मृत बच्ची को लेकर मायके और ससुराल पक्ष में हुई खींचतान, कोतवाली के सामने जमकर हुआ हंगामा

Up Namaste

उझानी,(बदायूं)। महज एक माह की बच्ची की मौत के बाद पहुंचे पति और सास ने दफनाने को लेकर जा रहे मायके पक्ष से बच्ची का शव छीन लिया और कोतवाली लेकर आ गए। पुलिस ने इस मामले में ठोस कार्रवाई करने के बजाय पति से कह दिया कि बच्ची को ले जाकर दफना दें। पति और सास बच्ची की मां को बगैर बताए शव ले जाने लगे तब मां अपनी बच्ची को पाने के लिए तड़प उठी और उसने पति का रास्ता रोक लिया इसके बाद मृत बच्ची को लेकर दोनों पक्षों में कोतवाली गेट पर जमकर खींचतान और हंगमा हुआ। बाद में मृत बच्ची को मां के हवाले कर दिया गया। खबर लिखे जाने तक दोनों पक्ष थाने में डटे हुए थे।

नगर के बहादुरगंज मौहल्ला निवासी भूरे ने अपनी पुत्री भूरी का निकाह कासगंज जिले के थाना गंजडुंडवारा के गांव गणेशपुर निवासी यामीन पुत्र कल्लू के साथ एक वर्ष पूर्व किया था। बताते हैं कि शादी के करीब सात माह बाद भूरी ने एक बेटी को जन्म दिया था जो काफी कमजोर थी। भूरी का आरोप है कि डाक्टरों ने बच्ची के इलाज की बात कही थी लेकिन ससुरालियों ने लगभग एक माह पूर्व उसे घर से निकाल कर उसके मायके भेज दिया। बताते हैं कि मायके में भूरी की बच्ची का इलाज चल रहा था लेकिन बुधवार की आधी रात बच्ची ने दम तोड़ दिया। बच्ची की मौत की सूचना भूरी के पिता ने पति और ससुरालियों को दी जिस पर वह भी देर रात भूरी के पिता के घर पहुंच गए।

मायके पक्ष का आरोप है कि भूरी का पति यामीन और सास समेत अन्य लोग बच्ची को मारने का आरोप लगाते हुए हंगामा और गाली गलौच करने लगे। बताते हैं कि इस पर मौजूद नागरिकों ने ससुराली पक्ष को शांत कर दिया। बताते हैं कि गुरूवार की सुबह बच्ची को दफन करने की तैयारी में मायके पक्ष के लोग लगे थे इसी दौरान पति ने एक बार फिर से हंगामा करते हुए बच्ची का शव उठा लिया और कोतवाली पहुंच गया। बताते हैं कि पति यामीन और सास ने पुलिस को पूरी बात बताई तब पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेने के बजाय पति को बच्ची को दफनाने का हुक्म सुना दिया। बताते हैं कि जब पति और सास जब बच्ची का शव लेकर कोतवाली से बाहर निकल कर अपने घर गंजडुंडवारा ले जाने के लिए निकले इसी दौरान मौजूद बच्ची की मां भूरी ने बच्ची का शव मांगा लेकिन पति ने बच्ची का शव देने से इंकार कर दिया तब दोनों पक्षों में बच्ची के शव को लेकर हंगामा होने लगा। इस बीच बच्ची को लेकर दोनों पक्षों में खींचतान होने से कोतवाली के बाहर खासी भीड़ जमा हो गई।

बताते है कि हंगामें के शोरगुल पर कुछ पुलिस कर्मी बाहर निकले और फिर बच्ची के शव को उसकी मां को दिलवाया। पुलिस ने हंगामे के बाद दोनों पक्षों को कोतवाली में बुला लिया। मृत बच्ची की मां भूरी ने भी पुलिस को पति और सास के खिलाफ एक तहरीर सौंपी है। फिलहाल दोनों पक्ष कोतवाली में डटे हुए थे। बच्ची को दफनाया गया या नही इसकी जानकारी नही हो सकी है। मौके पर जुटे नागरिक इस मामले में पुलिस की लाहपरवाही मान रहे हैं।

Leave a Reply

error: Content is protected !!