शाहजहांपुर। बरेली मंडल की एंटी करप्शन टीम ने एक शिकायत पर छापामारी कर जनपद के तिलहर कस्बे से सहायक निदेशक मत्स्य निरीक्षक कार्यालय में तैनात जेष्ठय मत्स्य निरीक्षक को दस हजार रुपया की रिश्वत के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार कर जनपद की कटरा पुलिस को कार्रवाई हेतु सौंप दिया है जहां से पुलिस उसे जेल भेजेगी। एंटी करप्शन टीम की इस कार्रवाई से रिश्वतखोरों में हड़कम्प मच गया है।
जनपद के थाना पुवायां क्षेत्र के रहने वाले राजेश कुमार ने बरेली मंडल की एंटी करप्शन विभाग से शिकायत करते हुए बताया कि वह मत्स्य जीवी सहकारी समिति (प्रा.) ग्राम सदापुर के गठन को विभाग के लिए आवेदन दिया था जिसकी विधिक कार्रवाई हेतु जेष्ठय मत्स्य निरीक्षक पूरनलाल दस हजार रुपया की मांग करते हुए लगातार परेशान कर रहा था। विभाग ने इस शिकायत पर जांच कराई और सही पाए जाने पर पीड़ित राजेश कुमार को दस हजार रुपया के साथ पूरनलाल के पास भेजा। बताते है कि पीड़ित राजेश ने तिलहर के मुख्य द्वार पर जैसे ही रिश्वत के रुपया पूरनलाल को दिए तभी एंटी करप्शन टीम ने उसे रंगे हाथों धर दबोचा।
टीम उसे गिरफ्तार कर कटरा थाना ले आई जहां उसके खिलाफ अभियोग पंजीकृत करा कर पुलिस के हवाले कर दिया। कटरा पुलिस अब रिश्वतखोर को जेल भेजेगी। टीम की इस कार्रवाई से विभाग समेत सभी रिश्वतखोरों में हड़कम्प की स्थिति बनी रही।






