उझानी(बदायूं),(यूपीएन ब्यूरो)। धान की आवक बढ़ने के साथ ही बरेली-मथुरा हाइवे की यात्रा करने वाले यात्रियों की परेशानी मंडी के सामने लगने वाले जाम से बढ़ने लगी है। रविवार को एक बार फिर जाम लग गया जिससे बसों और कारों में सवार यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जाम खुलवाने पहुंची पुलिस के भी पसीने छूट गए।
रविवार की धान लेकर सुबह मंडी पहुंचे टैक्टर ट्रालियों के चालकों में धान बिक्री के बाद उसकी तौल कराने को लेकर आपाधापी मच गई। जल्द धर्मकांटे तक पहुंचने के लिए हाइवे पर वाहनों से जाम लग गया। हाइवे जाम होते ही बरेली से मथुरा होते हुए पूरे देश में जाने वाले वाहन जाम में फंस गए और घंटो फंसे रहे। हाइवे पर जाम की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जाम खुलवाने के प्रयास शुरू कर दिए लेकिन वाहनों की लगातार बढ़ती संख्या के कारण पुलिस को भी जाम खुलवाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान बसों और कारों में सवार लोगों विशेषकर महिलाओं और बच्चों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।






