बदायूं। जिले की दातागंज तहसील में शनिवार को एक महिला अधिवक्ता ने पुलिस को तहरीर देकर तहसीलदार पर गंभीर आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है। महिला अधिवक्ता के साथ अभ्रद व्यवहार तहसील के अधिवक्ताओं में रोष व्याप्त हो गया और उन्होंने तहसीलदार से बात की मगर उनका वही रूख रहा जिस पर अधिवक्ताओं ने तहसीलदार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और कार्य बहिष्कार की चेतावनी भी दी।
महिला अधिवक्ता आशा दीक्षित ने पुलिस को दी गई तहरीर में लिखा है कि शनिवार को वह अपनी फाइल के संदर्भ में तहसीलदार से वार्ता करने गईं थी और इस दौरान उनका जूनियर अधिवक्ता भी साथ था। महिला अधिवक्ता का आरोप है कि कार्यालय में तहसीलदार ने मेरे जूनियर के साथ अभ्रदता करनी शुरू कर दी जिस पर उन्होंने एतराज किया तो तहसीलदार उनके साथ भी अमर्यादित व्यवहार करने लगे। महिला अधिवक्ता ने इस पूरे प्रकरण की जानकारी तहसील बार के अध्यक्ष और सचिव को दी जिस पर वह अन्य अधिवक्ताओं के साथ पहुंच गए और तहसीलदार से बात करने का प्रयास किया मगर तहसीलदार ने अपनी अभ्रदता और गाली गलौच जारी रखी।
महिला अधिवक्ता का आरोप है कि इस दौरान तहसीलदार ने उनको धक्का देकर बाहर करने के साथ उनका गला भी पकड़ लिया। अधिवक्ताओं ने कहा कि तहसीलदार के अमर्यादित व्यवहार से उनकी गरिमा को ठेस पहुंची है। तहसील बार के अध्यक्ष का कहना है कि पूरे घटनाक्रम से एसडीएम को अवगत कराया गया है। उन्होंने कहा कि अगर तहसीलदार के खिलाफ कार्रवाई न हुई तो वह कार्य बहिष्कार भी कर सकते हैं।





