उझानी,(बदायूं)। कश्यप समाज के तत्वावधान में दुर्गा पूजन के उपलक्ष्य में निकाले जाने वाली मां दुर्गा की सुन्दर झांकियों और बैंडबाजों तथा काली अखाड़ों से सजी शोभायात्रा भव्यता से निकाली गई। नगर भ्रमण करने के बाद बड़ी माता के मंदिर पर पहुंच कर शोभायात्रा विसर्जित हुई जहां समाज के लोगों ने मां दुर्गा की प्रतिभा पर झंडी अर्पित की और हवन में पूर्णाहुति देकर सबके कल्याण की प्रार्थनाएं की।

मां दुर्गा की शोभायात्रा से पूर्व कश्यप समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में एकत्र होकर हवन पूजन किया। इसके उपरांत वरिष्ठ समाजसेवी हीरालाल कश्यप ने फीता काट कर शोभायात्रा का शुभारंभ का शुभारंभ कराया। इस अवसर पर समाज की महिलाओं ने मां दुर्गा का पूजन अर्चन किया। बैंडबाजों, काली अखाड़ों तथा सुन्दर झांकियों से सजी शोभायात्रा कश्यप पुलिया से प्रारंभ होकर कछला रोड, गंजशहीदा, घंटाघर चौराहा, बिल्सी रोड, कसाई टोला होती हुई गौतमपुरी स्थित बड़ी माता के मंदिर पर पहुंची जहां समाज के लोगों ने मां दुर्गा की प्रतिभा को निशान अर्पित किए। शोभायात्रा में शामिल धार्मिक झांकियां और करतब करते चल रहे कलाकार तथा नृत्य करते कलाकार नागरिकों में आकर्षण का केन्द्र बने रहे। वही बैंडबाजों से बजने वाले भजनों ने नगर का वातावरण धर्ममय कर दिया। इस अवसर पर समाज की महिलाएं भजन कीर्तन करती हुई चल रही थी।
शोभायात्रा के समापन पर मंदिर परिसर में हवन का आयोजन किया गया जिसमें समाज के नर नारियों और बच्चों ने पूर्णाहूति देकर अपने समाज के साथ सर्व समाज के कल्याण की प्रार्थनाएं की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में समाज के नर नारी और बच्चें मौजूद रहे।






