उझानी,(बदायूं)। श्रीराम नवमी के अवसर पर गुरूवार की शाम नगर में आस्था और धूमधाम के साथ भगवान श्रीराम की सुन्दर झांकियों और बैंडबाजों तथा काली अखाड़ों के साथ नगर में निकाली गई। शोभायात्रा का शुभारंभ केन्द्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने भगवान श्रीराम का पूजन-अर्चन करने के बाद कराया। शोभायात्रा पूरे नगर में भ्रमण करने के बाद बिहारी जी मंदिर पर पहुंच कर धार्मिक अनुष्ठानों के रूप में परिवर्तित हो गई।

गुरूवार की शाम भगवान श्रीराम नवमी के अवसर पर प्राचीन कालीन भगवान श्रीराम की बैंडबाजों, काली अखाड़ों और सुन्दर झांकियों से सजी रथ शोभायात्रा का शुभारंभ केन्द्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने भगवान श्रीराम के अलावा माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान के स्वरूपों की पूजा अर्चना कर उनका तिलक वंदन किया और आरती उतारी। इस अवसर पर श्री वर्मा ने भगवान का भोग भी लगाया। इसके उपरांत केन्द्रीय मंत्री श्री वर्मा ने मां काली के स्वरूपों की पूजा अर्चना कर उनका तिलक वंदन करने के उपरांत आरती उतारी। इसके बाद श्री वर्मा ने फीता काट कर रथ शोभायात्रा को नगर भ्रमण के लिए रवाना किया।
कामधेनु गौशाला के तत्वावधान में शोभायात्रा बिहारी जी मंदिर से प्रारंभ होकर बाजारकला, किलाखेड़ा, भर्राटोला, बड़े महादेव मंदिर, लालमन की पुलिया, बिल्सी रोड, कसाईटोला, घंटाघर चौराहा, स्टेशन रोड, हनुमानगढ़ी मंदिर परिसर होती हुई पुरानी अनाज मंडी और कछला रोड तथा गंजशहीदा से बिहारी जी मंदिर पर पहुंच कर विसर्जित हुई। शोभायात्रा का नगर युवा मंडल के अलावा समाजसेवियों और दुकानदारों ने भव्यता के साथ फूलों की वर्षा कर स्वागत किया और शोभायात्रा में साथ चल रहे नागरिकों में जलपान का वितरण किया। शोभायात्रा के दौरान जगह-जगह नागरिकों ने भगवान श्रीराम का पूजन अर्चन कर आरती उतारी और प्रसाद का वितरण कराया।
इस अवसर पर युवा वर्ग ने श्रीराम के जयघोष से नगर से लेकर आसमान तक गुंजायमान कर दिया जिससे नगर में धार्मिक वातावरण की लहर दौड़ गई। सुरक्षा की दृष्टि से बड़ी संख्या में पुलिस और पीएसी बल साथ चल रहा था। इस अवसर पर राजकुमार बंसल, अवधेश वर्मा, सर्वेश गुप्ता, पिंकू गुप्ता, राहुल वार्ष्णेय, बॉबी वार्ष्णेय, कमलेश वार्ष्णेय समेत बड़ी संख्या में नागरिक साथ चल रहे थे।






