जनपद बदायूं

अलापुर क्षेत्र में विवाहिता का फांसी पर लटकता मिला शव, ससुरालीजन हुए फरार

पीएम हाउस पर परिजनों ने काटा हंगामा, डाक्टरों पर लगाया बच्चें को निकाल फेंकने का आरोप, पुलिस से भी हुई नोेंकझोंक

बदायूं। जिले के अलापुर थाना क्षेत्र के गांव पतसा में आज सुबह एक विवाहिता का शव उसके घर पर फंदे पर लटका मिला। विवाहिता की मौत पर उसके ससुरालीजन घर छोड़ कर फरार हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष ने विवाहिता की पीट कर हत्या कर शव फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव सिरसा निवासी संजीव सिंह पुत्र श्याम पाल सिंह का कहना है कि उन्होंने करीब पांच साल पहले अपनी 25 वर्षीय बहन रिंकी की शादी अलापुर थाना क्षेत्र के गांव पतसा निवासी दीपक के साथ की थी। मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही रिंकी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा। मायके पक्ष के लोगों ने बताया कि रिंकी ने दहेज के लिए प्रताड़ित करने की बात उन्हें बताई लेकिन सामाजिक लोकलाज के चलते वह सभी चुप रहे और इसी के चलते सोमवार की देर रात रिंकी का शव उसके घर में फंदे पर लटका मिला और सभी ससुरालीजन फरार थे।
मंगलवार सुबह पुलिस ने मायके पक्ष की सूचना पर विवाहिता के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताते हैं कि मायके पक्ष़्ा ने पोस्टमार्टम के दौरान पोस्टमार्टम कर रहे डाक्टरों पर गंभीर आरोप लगाए साथ ही डाक्टरों पर आरोपी पक्ष से आर्थिक सांठगांठ के आरोप भी लगाए। उन्होंने यह तक आरोप लगाए कि रिंकी गर्भवती थी और उसका बच्चा डाक्टरों ने निकाल कर फेंक दिया। मायके पक्ष ने लोगों ने पीएम हाउस पर जमकर हंगामा काटा। इस दौरान उनकी पुलिस कर्मियों से भी नोंकझोंक हुई। पुलिस ने मायके पक्ष के लोगों को समझाबुझा कर शांत किया तब कही जाकर मायके पक्ष के लोग शव अपने साथ ले गए। इस मामले में मायके पक्ष ने ससुरालियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है जिस पर पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर लिया है।

Leave a Reply

error: Content is protected !!