उझानी(बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र के पिपरौल गांव में अवैध मिट्टी खनन करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज किया गया है। यह कार्रवाई बुधवार को खनन अधिकारी ब्रज बिहारी प्रसाद ने की।
खनन अधिकारी को सूचना मिली थी कि गांव पिपरौल में अवैध तरीके से ट्रैक्टर-ट्रॉली से मिट्टी का खनन किया जा रहा है। सूचना पर खनन अधिकारी ब्रज बिहारी प्रसाद तत्काल मौके पर पहुंचे। मौके पर एक खेत में ट्रैक्टर-ट्रॉली से मिट्टी का खनन हो रहा था, जिसमें 4-5 मजदूर मिट्टी लाद रहे थे। खनन अधिकारी को देखते ही सभी मजदूर वहां से फरार हो गए।
खनन अधिकारी ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को अपने कब्जे में लिया और उसे उझानी पुलिस को सौंप दिया। इस संबंध में खनन अधिकारी ने कोतवाली उझानी में एक शिकायती प्रार्थना पत्र भी दिया है। खनन अधिकारी ब्रज बिहारी प्रसाद ने बताया कि मुखबिर से अवैध खनन की सूचना मिलने पर टीम ने मौके पर पहुंचकर यह कार्रवाई की। उन्होंने पुष्टि की कि ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज कर दिया गया है। अभिनव सक्सेना की रिपोर्ट






