बदायूं। भारत स्काउट और गाइड संस्था के तत्वावधान में रविवार को कछला स्थित मां भागीरथी गंगा तट के दोनों किनारों पर बनें कुष्ठाश्रमों में सेवा, करुणा और मानवीय संवेदना का भावपूर्ण दृश्य देखने को मिला। जिले से पहुंची भारत स्काउट गाइड टीम ने 102 कुष्ठ रोगियों को रोजमर्रा में काम आने वाली सामग्री के साथ पौष्टिक व गरम भोजन वितरित किया।
स्काउट संस्था के प्रादेशिक वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं जिला मुख्यायुक्त महेश चंद्र सक्सेना ने स्काउट भवन से टीम को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा स्काउट संस्था 45 से अधिक वर्षों से कुष्ठ रोगियों की निस्वार्थ सेवा करती आ रही है। टीम के कछला स्थित कुष्ठाश्रम पहुंचते ही वहां सहयोग और अपनत्व का वातावरण बन गया। जिला मुख्यालय आयुक्त प्रेमपाल सिंह, वरिष्ठ सदस्य ओमप्रकाश शर्मा तथा जिला संगठन कमिश्नर (स्काउट) मोहम्मद असरार के नेतृत्व में स्काउट सदस्यों ने कुष्ठ रोगियों को ताजा तैयार पौष्टिक भोजन कराया गया। इसके बाद नहाने व कपड़े धोने का साबुन, चाय पत्ती, पट्टियां सहित अन्य आवश्यक दैनिक उपयोग की सामग्री प्रदान की। पूर्व जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि निस्वार्थ सेवा ही सच्ची साधना है, जो समाज के जरूरतमंद वर्ग के जीवन में खुशहाली और आत्मिक शांति लाती है। उन्होंने बताया कि स्काउटिंग का उद्देश्य देशसेवा के साथ-साथ पीड़ित और वंचित लोगों की मदद करना है। कार्यक्रम में आईटी शमशाद हुसैन, नेत्रपाल सहित अनेक सदस्य मौजूद रहे और सभी ने भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्य जारी रखने का संकल्प लिया।





