बदायूं। राज्य महिला आयोग की सदस्य अवनी सिंह ने बुधवार को बदायूं में मिशन शक्ति अन्तर्गत महिला जनसुनवाई करते हुए प्राप्त शिकायतों को सुनकर उनके गुणवत्तापरक व समयबद्ध निस्तारण किये जाने के निर्देश सम्बंधित अधिकारियों को दिये। इस अवसर पर महिला उत्पीड़न, हत्या, घरेलू हिंसा, सम्पत्ति विवाद से सम्बन्धित सहित कुल 7 शिकायती पत्र प्राप्त हुये। उन्होंने ब्लॉक उझानी में पोषण पंचायत कार्यक्रम तथा सीएचसी उझानी में कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम में उन्होंने प्रतिभाग किया।
राज्य महिला आयोग की सदस्य अवनी सिंह ने कहा कि महिला आयोग महिलाओं की समस्याओं के निस्तारण के लिए प्रत्येक समय उनके साथ खड़ा है। उन्होने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिलाओं से संबंधित शिकायतों को गम्भीरतापूर्वक लेते हुए उनका गुणवत्तापरक व समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित कराएं। उन्होंने मिशन शक्ति के अन्तर्गत ब्लॉक उझानी में पोषण पंचायत कार्यक्रम में आयी पांच गर्भवती महिलाओं की गोद भराई, सात माह तक के पांच बच्चो का अन्नप्राशन किया। अवनी सिंह ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र उझानी में जन्मी कन्याओं को बेबी किट तथा केक काटकर नवजात बालिकाओं का जन्मदिन मनाया।
कार्यक्रम के दौरान मिशन शक्ति के अन्तर्गत महिलाओं तथा बालिका सुरक्षा के अन्तर्गत चलाये जा रहे कार्यक्रम के बारे में विस्तृत रुप से जानकारी दी गई, महिलाओं एवं बच्चों से संम्बंधित महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नम्बर 1098, 1090, 112, 181, 1076 व 1930 के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान करते हुये घरेलू हिंसा, बाल विवाह, चाइल्ड लाइन कन्या सुमगला, बाल सेवा योजना सामान्य तथा स्पांसरशिप व निराश्रित महिला पेशन आदि योजनाओें की जानकारी देकर जागरुक किया गया।





