उझानी,(बदायूं)। कोतवाली पुलिस ने बीती रात गश्त के दौरान बरेली मथुरा हाइवे पर छतुईया रेल फाटक के समीप संदिग्ध दिखे एक युवक को रोक कर जब पुलिस ने पूछताछ की तब उसने अचानक पुलिस पर फायर करते हुए भागने का प्रयास किया जिसके जबाब में बाल-बाल बची पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ फायरिंग की जिससे उक्त युवक के पैर में गोली लग गई। घायल युवक शातिर अपराधी निकला जिसे पुलिस तलाश कर रही थी।
शुक्रवार की रात कोतवाली पुलिस की एक टीम रात्रिकालीन गश्त कर रही थी इसी दौरान मुखबिर से पुलिस को सूचना मिली कि छतुईया रेल फाटक के समीप एक संदिग्ध युवक किसी घटना को अंजाम देने के फिराक में घूम रहा है। बताते हैं कि इस सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तब संदिग्ध युवक पुलिस को देख कर बन रहे बाइपास की ओर जाने लगा जिस पर पुलिस टीम ने उसे रोक कर पूछताछ करनी चाही तब युवक ने भागने का प्रयास करते हुए अपने पास मौजूद तमंचे से पुलिस टीम पर फायर कर दिया जिस पर पुलिस कर्मियों ने खुद को किसी तरह से बचाया।
बताते है कि पुलिस ने भी जबाबी फायरिंग की जिस पर युवक के दाहिने पैर में गोली लगी और वह नीचे गिर पड़ा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया और उससे उसका नाम पता पूछा तब उसने अपना नाम श्रीपाल पुत्र छोटे लाल निवासी मौहल्ला नझियाई उझानी बताया। पुलिस ने उसके कब्जें से एक तमंचा, एक कारतूस जिंदा और एक कारतूस खोखा बरामद किया है। पुलिस ने उसे इलाज के लिए उझानी अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने उसे जेल भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। इस मामले में प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार ने बताया कि युवक शातिर अपराधी है और उस पर एक दर्जन मुकदमें दर्ज हैं।






