उझानी(बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र में खाना बनाते वक्त एक गर्भवती महिला को अचानक मिर्गी का दौरा पड़ गया जिससे उसके पैर जलती आग में चले गए और वह गंभीर रूप से झुलस गई। परिजन उसे इलाज के लिए सीएचसी लाए जहां से उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल रैफर कर दिया गया है। इधर बीएम हाइवे पर कछला के समीप ई रिक्शा पलट गया जिससे चालक समेत आधा दर्जन ग्रामीण घायल हो गए।
गांव कुदरतगंज निवासी हरिओम की 35 वर्षीय पत्नी ऊषा अपने घर में सुबह करीब नौ बजे चूल्हें पर खाना बना रही थी इसी दौरान उसे अचानक मिर्गी का दौरा पड़ गया जिसके कारण उसके पैर जलती आग में चले गए और वह बुरी तरह से झुलस गई। अचानक हुए इस हादसे पर मौजूद परिजनों ने उसके पैर आग से निकाले लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से घायल हो चुकी थी। ऊषा नौ माह की गर्भवती है। हादसे के बाद परिजन उसे लेकर सीएचसी पहुंचे जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया और फिर उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। इधर सुबह लगभग साढ़े 10 बजे के करीब हाइवे के गांव जुनईया मोड़ पर सड़क पार कर रहे एक बच्चा बचाने के प्रयास में ई रिक्शा पलट गया जिसमें बुटला निवासी चालक देव सिंह पुत्र बच्चू समेत आधा दर्जन ग्रामीण घायल हो गए। सभी ग्रामीण गंगा स्नान को कछला जा रहे थे कि जुनईया मोड़ पर अचानक सड़क पर आए बच्चें को बचाने के प्रयास में ई रिक्शा पलट गया। ई रिक्शा पर सवार ग्रामीण इलाज के लिए निजी चिकित्सक के यहां चले गए जबकि देव सिंह को सीएचसी लाया गया जहां उसका प्राथमिक उपचार शुरू किया गया है।





