जनपद बदायूं

कछला से पीलीभीत तक देवाधिदेव महादेव की भक्ति में खो गया जनमानस, सिर्फ नजर आ रहा था शिवभक्तों का सैलाव

Up Namaste

बदायूं। सावन माह की कांवड़ यात्रा के तीसरे चरण के लिए भगवान महादेव का जलाभिषेक करने के लिए लाखों शिवभक्त कछला स्थित मां भागीरथी के तट पर गंगाजल लाने के लिए पहुंचे। शिवभक्तों ने पवित्र गंगा नदी में आस्था की डुबकी लगाई और महादेव के अभिषेक को जल भरा और कारवां में शामिल हो गए जिसके चलते कछला से पीलीभीत तक सिर्फ और सिर्फ कांवड़ उठाएं शिवभक्तों का सैलाव ही नजर आ रहा था। हाइवे पर गूंज रहे भोलेनाथ के जयकारों और डीजे पर बज रहे धार्मिक भजनों से जनमानस महादेव की भक्ति में खोया हुआ नजर आ रहा था।

सावन के तीसरे सोमवार को देवाधिदेव महादेव का जलाभिषेक करने की लालसा लिए बदायूं के अलावा बरेली, पीलीभीत, कासगंज, हाथरस, अलीगढ़, मथुरा तथा राजस्थान प्रदेश के शिवभक्त बड़ी संख्या में शनिवार को ही कछला स्थित मां भागीरथी के तट पर पहुंच गए और गंगा स्नान करने के उपरांत अपनी कांवड़ सजाई फिर पूजा अर्चना कर विधिवत रूप से कांवड़ को कांधों पर लाद कर अपने गंतव्य के लिए निकल पड़े। शिवभक्त पद यात्रा, डाक कांवर, बाइक कांवर के साथ भगवान शंकर के जयकारों और डीजे पर बज रहे भजनों पर नाचते झूमते भोले की भक्ति में चूर होकर निकल रहे थे। शनिवार की पूरी रात शिवभक्तों का आवागमन जारी रहा।

रविवार को कांवड़ यात्रा ने विराट रूप ले लिया जिससे कछला से बरेली पीलीभीत तक और कासगंज से मथुरा, अलीगढ़ तथा हाथरस तक शिवभक्तों का सैलाव ही सैलाव नजर आ रहा था। चारों दिशाओं में देवाधिदेव महादेव के जयकारें गुंजायमान हो रहे थे जिससे जनमानस सबकुछ भूल कर महादेव की भक्ति में लीन नजर आ रहा था। पदयात्रा कर रहे शिवभक्तों का उत्साह बढ़ाने के लिए बड़ी संख्या में हाइवे किनारे के गांवों के वाशिंदे सड़क पर आ गए और उनकी सेवा सत्कार में जुट गए। कांवड़ यात्री विभिन्न झांकी वाली कांवड़ों के साथ अपने गंतव्य तक जाते नजर आ रहे थे।

Leave a Reply

error: Content is protected !!