बदायूं। योगी फोर्स उत्तर प्रदेश के कई जिला में बदमाशों का एनकाउंटर करने में लगी हुई है वही बदायूं में पुलिस फेलियर साबित हो रही है। बदमाशों ने दीवाली की रात बिनाबर थाना क्षेत्र में चोरी की वारदात को अंजाम देकर 50 लाख का माल समेट लिया जबकि फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में मंगलवार की तड़के लूट की वारदात को अंजाम देकर लाखों का माल और सीसीटीवी कैमरें का डीबीआर लेकर फरार हो गए। जिले में दो बड़े अपराध होने पर दहशत का माहौल बन गया है और जिले की पुलिस है कि अपराधियों पर शिकंजा नही कस पा रही है।
मंगलवार की तड़के तीन बजे के करीब फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में ओरछी चौराहे पर रहने वाली टीना किन्नर के घर में किचिन की खिड़की तोड़ कर आधा दर्जन से अधिक बदमाश अंदर घुस गए। बदमाशों ने अंदर घुसते ही घर में सो रही टीना किन्नर के अलावा उसका भाई विजय, भाभी अंकिता, मोनिका, अमरजीत आदि को दबोच लिया और सभी को गन प्वाइंट पर लेकर पहने जेवर आदि उतरवार लिए और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देकर सभी को एक कमरें में बंद कर दिया। किन्नर और उसके परिजनों को कमरें में बंद करने के बाद पूरे घर को खंगालते हुए लूटपाट की और लाखों का जेवर व नकदी के साथ सीसीटीवी कैमरे का डीबीआर और सभी के मोबाइल लूट कर अपने साथ ले गए।
बताते हैं कि बदमाशों के जाने के बाद टीना किन्नर ने किसी तरह से बंधन मुक्त होकर पुलिस को सूचना दी जिस पर पुलिस के अलावा सीओ बिसौली भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने बदमाशों की तलाश को आसान बनाने के लिए फॉरेंसिक टीम को बुला कर साक्ष्य एकत्र कराएं है वही बदमाशों की धर पकड़ कर के लिए एसएसपी ने चार पुलिस टीमों का गठन किया है। किन्नर के यहां गन प्वाइंट पर लूट की वारदात को अंजाम देकर पूरे जिले में सनसनी फैला दी है।
दूसरी वारदात बिनाबर थाना क्षेत्र में हुई है। गांव बगुलीनगर के रहने वाले सपा नेता मोदप्रकाश पाल के घर के पीछे की ओर लगी खिड़की काट कर बदमाश सोमवार की रात अंदर घुस गए और घर में सो रहे मोदपाल समेत अन्य परिजनों को कमरों में बंद करने के बाद पूरे घर को खंगाल डाला। बदमाशों ने कमरों में रखी अलमारियों में रखी करीब साढ़े पांच लाख की नकदी समेत 50 लाख के जेवरात समेट लिए और फरार हो गए। बताते हैं कि इस दौरान मोदप्रकाश पाल की पत्नी की आहट से नींद खुल गई मगर बदमाशों के डर से वह चुप रही। बताते हैं कि बदमाशों के जाने के बाद चोरी की वारदात की जानकारी होने पर गृहस्वामी ने पुलिस को सूचना दी जिस पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर पड़ताल की। जिले में लूट-चोरी की दो बड़ी वारदात होने से पूरे जिले में बदमाशों का खौफ पैदा हो गया है। नागरिकों का कहना है कि योगी की पुलिस बदायूं के अलावा अन्य जनपदों में अपराधियों का काल बनी हुई है वही बदायूं में बदमाशों को पुलिस और कानून का कोई खौफ नही है जिससे बदमाश बड़ी से बड़ी वारदात को अंजाम देने से नही चूक रहे हैं।




