बदायूं। शहर के सर्राफा व्यापारियों से धन उगाही कर कार से वापस लौट रहे मेरठ सर्राफा कारोबारी के कर्मियों की कार से नकदी और सोने के जेवरातों से भरा बैग चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को सिविल लाइन पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से दोनो को जेल भेज दिया गया। एक दिन में ही घटना का राजफाश करने पर एसएसपी ने पुलिस टीमों को 25 हजार का इनाम दिया है। एक करोड़ से अधिक की चोरी को अंजाम देने वाला और कोई नही सर्राफ कारोबारी का कार चालक और उसका दोस्त निकला।
घटना का राजफाश होने के बाद पुलिस ने चोरों को मीडिया के समक्ष पेश किया। एसएसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि मेरठ निवासी सर्राफा कारोबारी शेख दिलावर हुसैन के कर्मचारी गत दस सितम्बर को बदायूं आए थे और यहां के सर्राफा व्यापारियों से अपने दिए गए माल के धन की उगाही की साथ ही सौ ग्राम से अधिक सोने के जेवरात थी थे। एसएसपी ने बताया कि शुक्रवार को सर्राफ कारोबारी अपने कर्मियों के साथ बदायूं आया और घटनाक्रम बताते हुए कहा कि उनके कर्मी 85 लाख की नकदी और सौ ग्राम सोने के जेवरात लेकर वापस मेरठ लौट रहे थे इसी दौरान नाश्ते को दास कालेज के समीप रूकने पर कार का शीशा तोड़ कर किसी ने रुपयों और सोने के जेवर से भरा बैग चोरी कर लिया।
एसएसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि इस मामले में सर्राफा कारोबारी ने सिविल लाइन थाना पुलिस में अभियोग पंजीकृत कराया और मामले के खुलासे के लिए पुलिस टीमों को लगा दिया। एसएसपी ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने सर्राफ के कार चालक मेरठ निवासी आरिफ और उसके रिश्तेदार वसीम अंसारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पूरी घटना का राजफाश हो गया। आरोपियों ने बताया कि घटना का मास्टर माइंड कार चालक आरिफ था उस पर कर्जा हो गया था जिसे चुकाने के लिए उसने कार को बदायूं में खुला छोड़ दिया जिससे वसीम ने कार से बैग चोरी कर लिया और दूसरी कार से फरार हो गया।
पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर 79 लाख रुपया और 21 लाख कीमत के 101 ग्राम सोने के जेवरात बरामद कर लिए। बदायूं पुलिस की इस उल्लेखनीय सफलता पर एसएसपी ने पुलिस टीमों को 25 हजार का इनाम दिया है। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश किया जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया है।





