जनपद बदायूं

खबर का असरः मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने बंद पुलिया खुलवा कर शुरू कराया नाला, खराब सड़क को किया बंद

Up Namaste

उझानी,(बदायूं)। नगर के समीपवर्ती गांव कुड़ानरसिंहपुर में उझानी-दिल्ली हाइवे पर जमा हो रहे गांव के गंदे पानी से बने गहरे गड्ढों और इससे हो रहे हादसों की खबर को यूपी नमस्ते ने प्रमुखता से प्रकाशित कर प्रशासन को जाग्रत किया जिसके चलते शुक्रवार को गांव पहुुंचे खंड विकास अधिकारी समेत अन्य अधिकारियों ने बंद पड़े नाले को खुलवा कर पानी निकास की शुरूआत कराई वही पानी भरे गड्ढों में हो रहे हादसे रोकने के लिए मिट्टी डलवा कर रास्ता बंद कराया ताकि हादसे रोके जा सके।

गुरूवार को प्रकाशित खबर के बाद चेते प्रशासन के निर्देश पर शुक्रवार की दोपहर खंड विकास अधिकारी सर्वज्ञय अग्रवाल अपने अधीनस्थ कर्मियों और नगर पालिका के निर्माण खंड के अवर अभियंता के साथ गांव कुड़ानरसिंहपुर पहुंचे। श्री अग्रवाल ने इस दौरान मौका मुआयना किया साथ ही ग्रामीणों से बातचीत की। इस दौरान ग्रामीणों की किसी बात पर अधिकारियों से नोंकझोंक तक हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि कोल्डस्टोरेज के समीप नाला बंद कर दिया गया है। इस पर खंड विकास अधिकारी ने मौका मुआयना किया और जेसीबी बुला कर बंद पड़े नाले और पुलिया को खुलवा कर पानी निकास की व्यवस्था कराई।

खंड विकास अधिकारी ने सड़क पर हो गए चार फिट तक के गड्ढों वाले हादसे जोन को मिट्टी डलवा कर और उस पर लाल झंडी लगवा कर आवागमन को बंद कराया ताकि हादसों को रोका जा सके। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी सर्वज्ञय अग्रवाल ने पत्रकारों को बताया कि नाले को कोल्डस्टोरेज स्वामी ने बंद कर दिया था जिसे खुलवाया गया है। उन्होंने बताया कि सड़कों पर जो गड्ढें हो गए हैं उस पर बेरिकेटिंग कराई गई है और जब पानी सूख जाएगा तब पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा मरम्मत की जाएगी ताकि होने वाले हादसे रोके जा सकें। आज अधिकारियों के पहुंचने पर गांव के जागरूक युवाओं नेमचंद्र राठौर, सचिन, अरमान समेत अन्य ग्रामीणों ने यूपी नमस्ते का आभार जताया है।

अभिनव सक्सेना की रिपोर्ट

Leave a Reply

error: Content is protected !!