उझानी,(बदायूं)। थाना क्षेत्र के गांव छतुईया में रविवार की दोपहर उस वक्त सनसनी फैल गई जब शौंच को जा रही एक महिला को चार नकाबपोश युवकों ने घेर कर पहले तो उसकी जमकर पिटाई लगाई जिसमें वह घायल हो गई। बाद में महिला ने हाथ में चाकू मारने का भी आरोप लगाया है। मामला जब थाने पहंुचा तब दोनों पक्षों में पुलिस की मौजूदगी में फैसला हो गया। पुलिस ने पीड़ित महिला की मरहम पट्टी भी कराई है। गांव में दो दिन पहले महिला की दो ननदो समेत उसकी पति की पिटाई लगाने का आरोप इन्ही युवकों पर लगा है।
गांव छतुईया निवासी रिंकू की पत्नी पुष्पा आज दोपहर शौंच के लिए लाइन पार के खेतों की ओर जा रही थी इसी दौरान पहले से मौजूद चार नकाबपोश युवकों ने पुष्पा को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। पुष्पा ने बताया कि जब उसने युवकों के चुंगल से छूटने के लिए विरोध किया तब एक युवक ने उसके ऊपर चाकू से वार कर दिया जो उसके हाथ में लगा। बताते हैं कि पिटाई के दौरान महिला की चीख पुकार पर परिजन और अन्य ग्रामीण भी मौके की ओर भागे तब हमलावर युवक भी भाग निकले। बताते हैं कि रिंकू ने इस वारदात की सूचना पुलिस को दी जिससे पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को अपनी गाड़ी से लेकर अस्पताल पहुंची और उसका इलाज कराया।
यहां बताते चले कि दो दिन पहले महिला की दो ननदों के साथ भी कुछ गांव निवासी मारपीट कर चुके है और जब उन्हें बचाने पहुंचा भाई को भी हमलावरों ने पीट कर लहूलुहान कर दिया। इस मामले में पुलिस से शिकायत की गई लेकिन पुलिस ने सगी बहनों समेत भाई का मेडीकल करा दिया लेकिन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई न की जिससे दो दिन बाद ही इसी परिवार के साथ एक और मारपीट की घटना हो गई। इस मामले को लेकर जब इंस्पेक्टर प्रवीन कुमार से बात की गई तब उन्होंने बताया कि दोनों पक्ष पुलिस को आपसी फैसला लिख कर दे गए है।





