उझानी,(बदायूं)। बुधवार को उझानी-कादरचौक मार्ग पर तेज गति के टैम्पो ने एक बाइक को टक्कर मार दी जिसमें बाइक सवार गंभीर घायल हो गए। हादसे के बाद चालक टैम्पो को मौके से लेकर भागा और और कुछ दूरी पर जाकर पलट गया जिसमें टैम्पो सवार एक दर्जन यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे पर जुटे ग्रामीणों ने एम्बुलेंस के जरिए सीएचसी उझानी भेजा जहां से सभी को बेहतर इलाज के लिए मेडीकल कालेज रैफर कर दिया गया है।
आज शाम लगभग सात बजे के करीब उझानी से एक टैम्पो सवारियों को भर कर कादरचौक ले जा रहा था। टैम्पो में एक दर्जन के करीब महिला-पुरूष और बच्चें सवार थे। यात्रियों की माने तब चालक शराब के नशे में था और यात्रियों के मना करने के बाबजूद तेज गति में वाहन चला रहा था। बताते हैं कि टैम्पो चालक ने गांव फतेहपुर के समीप सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी जिससे बाइक पर सवार तीन युवक हरदन निवासी ग्राम जलालपुर व उसके दोस्त सहसवान निवासी अंकित जमीन पर गिर कर लहूलुहान हो गए। यात्रियों की माने तब हादसे को देख चालक ने टैम्पो को रोकने के बजाय उसे दौड़ाना शुरू कर दिया और कुछ ही दूरी पर टैम्पो पलट गया जिससे उसमें सवार यात्रियों मंे चीख पुकार मच गई। टैम्पो पलट जाने के बाद चालक मौके से भाग निकला।
बताते है कि हादसा होने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और टैम्पो में फंसे यात्रियो को किसी तरह से बाहर निकाला और सभी को एम्बुलेंस के जरिए उझानी अस्पताल भेजा। अस्पताल में नेमचंद्र निवासी पाल का नगला, संगीता पत्नी नीरज निवासी रसूला, उसका 12 वर्षीय बेटा धीरज, राजवती पत्नी श्रीराम निवासी ककोड़ा कादरचौक, नन्ही पत्नी सुरेन्द्र, बेटी आठ वर्षीय नंदनी, पांच वर्षीय राधा का डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद मेडीकल कालेज रैफर कर दिया। टैम्पो में नन्ही की गोद में उसका एक माह का बच्चा भी था जो टैम्पो पलटने से सवारियों के नीचे दब गया। अस्पताल में एक माह के बच्चें गौरव की हालत बेहद नाजुक थी जिसे भी डाक्टरों ने मेडीकल कालेज इलाज को रैफर कर दिया है।





