उझानी,(बदायूं)। नगर के मौहल्ला साहूकारा स्थित गौरीशंकर मंदिर परिसर में बुधवार को प्रारंभ हुई श्रीमद् भागवत कथा से पूर्व भक्तों ने बैंडबाजों के साथ कलश यात्रा निकाली जो नगर के विभिन्न मंदिरों और नगर भ्रमण के उपरांत कथा स्थल पर विसर्जित हुई जहां धार्मिक अनुष्ठानों के उपरांत कथा का शुभारंभ हुआ।
आज दोपहर गौरी शंकर मंदिर पर श्रीमद् भागवत कथा के शुभारंभ पर विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान आहूत किये गए। इस दौरान हवन भी सम्पन्न हुआ जिसमें मौजूद भक्त नर-नारियों ने वैदिक मंत्रोंच्चारण के साथ पूर्णाहूतियां देकर सबके कल्याण की प्रार्थनाएं यज्ञ देवता से की। हवन-यज्ञ सम्पन्न होने के उपरांत मंदिर परिसर से कलश यात्रा का शुभारंभ बैंडबाजों के साथ हुआ। कलशयात्रा विभिन्न मंदिरों से होती हुई नगर भ्रमण के बाद कथा स्थल पर पहुंची जहां कथा वाचक आचार्य शिव कुमार शुक्ला नेमीशरण ने कथा सुनाई। इस अवसर पर कैलाश माहेश्वरी, विमल गुप्ता, अनु शर्मा, उमेश गुप्ता, सौरभ माहेश्वरी, महावीर शर्मा, गोपाल शर्मा, पंकज, रामेश्वर, कौशल किशोर शर्मा समेत बड़ी संख्या नर-नारी भक्तों ने कथा का श्रवण किया। कथा समापन पर भगवान की आरती सम्पन्न हुई और प्रसाद का वितरण किया गया।





