उझानी

कछला गंगा में फिर हुआ हादसाः राजस्थान प्रदेश के छह श्रद्धालु गंगा में स्नान करते वक्त डूबे, चाचा भतीजा हुए लापता

Up Namaste

उझानी,(बदायूं)। राजस्थान प्रदेश से अस्थि विसर्जित करने कछला स्थित मां भागीरथी के तट पर पहुंचे राजस्थान के श्रद्धालुओं में एक ही परिवार के छह लोग गंगा में स्नान करते वक्त गहरे पानी में समा गए। हादसे पर मचे शोर शराबे पर गोताखोरों ने दो महिलाओं समेत चार लोगों को गहरे जल से निकाल लिया जबकि चाचा-भतीजा पानी में डूब कर लापता हो गए। पानी से निकाली गई महिलाओं की नाजुक हालत को देखते हुए उझानी अस्पताल लाया गया जहां से बेहतर इलाज के लिए मेडीकल कालेज रैफर कर दिया गया है।

राजस्थान प्रदेश के जिला भरतपुर के थाना चिकसाना के गांव पीरनगर के रहने वाले विजय के परिवार के सदस्य अपने परिजन की मृत्यु उपरांत उनकी अस्थि विसर्जित करने सोमवार की सुबह कछला स्थित मां भागीरथी के तट पर पहुंचे थे। बताते हैं कि अस्थियां विसर्जन करने के बाद सभी लोग गंगा स्नान करने लगे। बताते हैं कि गंगा में स्नान करते वक्त विजय का पुत्र सुमित अचानक गहरे पानी में पहुंच कर डूबने लगा, उसे डूबता देख उसका भतीजा समीर उसे बचाने आगे बढ़ा ही था कि वह डूबने लगा। बताते हैं कि चाचा भतीजा को डूबते देख पिंकी पत्नी मनीष और राजरानी पुत्री वीरी तथा एक अन्य सदस्य दोनों को बचाने आगे बढ़े ही थे कि वह गहरे पानी में डूबने लगे।

बताते हैं कि परिवार के सदस्यों को गंगा में डूबते देख साथ आएं अन्य परिजनों ने शोर मचाना शुरू कर दिया तभी घाट पर मौजूद गोताखोर पहुंच गए और गंगा में कूद गए। गोताखोरों ने गंगा में डूबे पिंकी, राजरानी समेत चार को जीवित बाहर निकाल लिया लेकिन सुमित और समीर गंगा के गहरे पानी में लापता हो गए। बताते हैं कि हादसे की सूचना पर कछला चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बताते हैं कि घाट पर पिंकी और राजरानी की गंभीर हालत को देखते हुए पुलिस ने एम्बुलेंस से उझानी अस्पताल भिजवा दिया जहां से दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए राजकीय मेडीकल कालेज भेज दिया गया।

एक ही परिवार के छह लोगों के डूबने और दो के लापता होने से परिजनों में कोहराम और चीत्कार मच गई। यहां बताते चले कि कछला गंगा घाट पर लगातार श्रद्धालुओं के डूबने की घटनाएं सामने आ रही है और उनकी मौतें भी हो रही हैं इसके बाद भी जिला प्रशासन श्रद्धालुओं के लिए गंगा स्नान हेतु घाटों को चिन्हित नही कर पा रहा है जिससे बाहर से आए श्रद्धालु हादसों का शिकार हो रहे हैं। गंगा में डूबे चाचा भतीजा की तलाश में पुलिस ने गोताखोरों को जल में उतारा है।

Leave a Reply

error: Content is protected !!