बदायूं। भारतीय किसान यूनियन टिकैत ने मथुरा बरेली सिक्सलेन हाइवे पर ग्रामीण अंचलों के सम्पर्क मार्ग के लिए अंडरपास बनबाने को लेकर ग्रामीणों की पंचायत ग्राम बहेड़ी में आयोजित की। इस अवसर पर भाकियू नेताओं ने कहा कि केन्द्रीय और यूपी की सरकारों को हाइवे के विकास के साथ ग्रामीणों को सुरक्षित रास्ता अंडरपास के जरिए देकर उनकी कीमती जान की भी रक्षा करनी चाहिए। इस दौरान भाकियू की ओर से केंद्रीय सड़क परिवहन राजमार्ग मंत्री के नाम ज्ञापन निर्माण कार्य में लगे इंजीनियर को सौंपा।
बुधवार को गांव बहेड़ी में संभागीय परिवहन कार्यालय के समक्ष भाकियू ने एक पंचायत का आयोजन किया जिसमें बड़ी संख्या में आसपास के ग्रामीण नर-नारी जुटे। पंचायत को भाकियू के मंडल प्रवक्ता राजेश कुमार सक्सेना ने संबोधित करते हुए कहा सड़क बनना जनता के हित के कार्य हैं परंतु जनता को जो सैकड़ो वर्षों से अपने गांव और गलियारों के लिए इस मार्ग से निकलते थे उस मार्ग को मिट्टी डाल कर ऊंचा कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि बन रहे सिक्सलेन हाइवे पर बदायूं जिले के करुऊ, बहेड़ी लिंक रोड से कई गांव जुड़ते हैं परंतु यहां पर अंडर पास नहीं दिया गया है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि ग्रामीणों की जान की सुरक्षा हेतु अंडरपास बनाए जाते हैं परंतु इसमें कोताही कीजा रही है।
ज्ञापन में बहेड़ी, गुनौरा वाजिदपुर, जिरौली, बुटला बोडर्, फूलपुर, समेत अन्य जरूरत के हिसाब के अंडरपास बनबाने की मांग की गई साथ ही चेतावनी दी गई कि अगर हाइवे पर अंडरपास न बने तो आंदोलन किया जाएगा। इस अवसर पर रमेश चंद्र फौजी, विनोद कुशवाह, दिनेश चंद्र कुशवाहा, धर्म सिंह, यशपाल सिंह, पप्पू सैफी, बृजपाल प्रजापति, साबिर हुसैन, पूरनलाल कुशवाहा, विश्राम कुशवाहा, रामधुन पाली, लीलाधर कुशवाहा, मुंशी कुशवाह, मंजू देवी, कुलकंदी, उषा देवी, रामबेटी, गुड्डी देवी, कांता देवी, शारदा देवी आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता भगवान स्वरूप शर्मा तथा संचालन बाबू सैफी ने किया।





