उझानी,(बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र के गांव अब्दुल्लागंज में शनिवार की सुबह कोहरे के चलते बाइक और टैम्पो आमने-सामने से भिड़ गए जिसके परिणाम स्वरूप बाइक सवार दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलो को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया जहां से दोनों को मेडीकल कालेज रैफर कर दिया गया है।

कादरचौक थाना क्षेत्र के गांव भदरौल निवासी 30 वर्षीय रूस्तम पुत्र अब्दुल अजीज और कादरचौक कस्बा निवासी 50 वर्षीय हासिम पुत्र हजरूद्दीन बाइक से शनिवार की सुबह किसी काम से उझानी क्षेत्र के गांव अल्लापुरभोगी जा रहे थे। बताते हैं कि बाइक सवार गांव अब्दुल्लागंज पहुंचे और अल्लापुरभोगी मोड़ पर कोहरे के चलते सामने से आ रहे टैम्पो की बाइक से सीधी टक्कर हो गई जिससे बाइक सवार हासिम और रूस्तम गंभीर रूप से घायल हो गए। बताते है कि हादसे पर जुटे ग्रामीणों ने दोनों घायलो को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। अस्पताल में पहुंच कर घायलो ने पुलिस को सूचना दी जिस पर पुलिस ने पहुंच कर दोनों का इलाज शुरू कराया।
बताते हैं कि घायलो की हालत को देखते हुए डाक्टर ने दोनों को बेहतर उपचार के लिए मेडीकल कालेज रैफर कर दिया है। पुलिस ने हादसे को अंजाम देने वाले टैम्पो और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है।




