बदायूं। शहर में कचहरी परिसर के समीप मंगलवार की दोपहर उस समय अफरा तफरी और हड़कम्प मच गया गया जब लोगों ने एक महिला को करीब 120 फीट ऊंचे मोबाइल टावर के सबसे ऊपरी हिस्से पर बैठा देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब उससे फोन के जरिए बात की तब पता चला कि महिला अपने सजायाप्ता भाईयों और पिता को इंसाफ दिलाने के लिए ऊपर चढ़ी है। पुलिस करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद उसे नीचे उतारने में कामायाब रही। पुलिस ने उसका मेडीकल परीक्षण कराया है।
वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव धरमपुर निवासी जसवीर की पत्नी रामादेवी का मायका अलापुर थाना क्षेत्र के गांव नकटिया नवादा में है। महिला के तीन भाईयों और पिता नेत्रपाल की करीब डेढ़ माह पूर्व हत्या के एक मामले में आजीवन कारावास की सजा हो गई थी। रामादेवी का मानना है कि उसके भाई और पिता निर्दोष है उन्हें सजा नही होनी चाहिए थी और वह दुबारा से कोर्ट ट्रायल की मांग की को लेकर आज मोबाइल टावर पर चढ़ गई। बताते है कि पुलिस प्रशासन ने उसकी बहन और मां के जरिए मोबाइल से सम्पर्क कर नीचे उतरने को कहा मगर वह नही मानी तब पुलिस ने उसके जेल में बंद भाईयों से सहयोग लिया मगर वह टावर पर बैठी रही।
बताते है कि पुलिस ने उससे सम्पर्क जारी रखा और करीब तीन घंटे की जद्दोजहद के बाद पुलिस को कामयाबी मिली और वह महिला को नीचे उतारने में सफल हो सकी। महिला के नीचे उतरने पर पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली और महिला को लेकर जिला अस्पताल पहुंची जहां उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया। महिला के खिलाफ पुलिस ने कोई कार्रवाई की है या नही इसकी पुष्टि नही हो सकी है।






