बदायूं। जिला बार एशोसिएशन के चुनाव का अंतिम परिणाम आज मतगणना के उपरांत घोषित कर दिया गया है। चुनावी मतगणना के बाद नीलू मिश्रा ने संयुक्त सचिव पुस्तालय पर सबसे कम मतों से जीत दर्ज कराई है जबकि सर्वाधिक मतों से जीत कर अनिल यादव संयुक्त सचिव प्रकाशन बने हैं।
जिला बार एशोसिएशन का चुनाव बुधवार को सम्पन्न हुआ था। चुनाव के बाद एल्डर कमेटी ने केवल अध्यक्ष और महासचिव के पद की मतगणना कराई जिसमें वरिष्ठ अधिवक्ता देवपाल सिंह अध्यक्ष पद के लिए विजयी घोषित किए गए थे जबकि महासचिव पद के लिए संदीप मिश्रा ने चुनाव में जीत दर्ज कराई। गुरूवार की सुबह एल्डर कमेटी की निगरानी में शेष बचे पदों की मतगणना प्रारंभ हुई। मतगणना के बाद वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए अनिल जौहरी को 310 मतों से विजयी घोषित किया गया। संयुक्त सचिव प्रशासन के पद पर अमित सोलंकी ने अपने 222 मत प्राप्त कर अपने प्रतिद्वंदी भानु को 82 मतों से शिकस्त दी। भानु को 140 वोट मिले।
संयुक्त सचिव पुस्तकालय पद के प्रत्याशी मनोज कुमार और नीलू मिश्रा में अंत तक जीत हार की लड़ाई जारी रही और फिर नीलू मिश्रा ने सबसे कम छह मतों से अपने प्रतिद्वंदी मनोज कुमार को हरा दिया। नीलू मिश्रा को 398 वोट मिले जबकि मनोज कुमार को 392 वोट हासिल हो सके। संयुक्त सचिव प्रकाशन के पद पर अनिल यादव ने सर्वाधिक 422 मतों से जीत हासिल की है। अनिल यादव को 655 जबकि आशू मियां को 273 वोट प्राप्त हुए। कोषाध्यक्ष पद के लिए अवधेश कुमार ने जीत दर्ज कराई है। उन्हें 541 मत प्राप्त हुए है। कनिष्ठ कार्यकारिणी पद के लिए मतगणना शाम तक जारी थी।




