उझानी(बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र के गांव पीरनगर में एक दंपति में विवाद होने के बाद पत्नी के पिता की शिकायत पर पहुंची पुलिस ने पति को पकड़ लिया और थाने चलने को कहा इस पर पत्नी ने पुलिस कर्मियों से पति को छोड़ने की मिन्नतें की जब पुलिस कर्मी न माने तब उसने पैर पकड़ने चाहे मगर इसी दौरान पुलिस कर्मियों का धक्का उसे लग गया और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गई। घटनाक्रम के बाद विवाहिता को उसके पिता ने इलाज को अस्पताल में भर्ती कराया है।
गांव पीरनगर निवासी पीतम नामक युवक का अपनी पत्नी अनीता से रविवार की शाम विवाद हो गया था। बताते है विवाद जब मारपीट में बदला तब घर में मौजूद अनीता के पिता कैलाश ने पुलिस को सूचना दे दी। बताते है कि सूचना पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने पीतम को पकड़ लिया और थाने चलने को कहा। बताते है कि इस दौरान अनीता ने पुलिस कर्मियों से अपने पति को छोड़ने की मिन्नतें करी मगर पुलिस कर्मी न माने तब अनीता ने पुलिस कर्मियों के पैर पकड़ने का प्रयास किया इसी आपाधापी में पुलिस कर्मियों का धक्का अनीता को लग गया जिससे वह जमीन पर गिर कर बेहोश हो गई।
बताते है कि इस घटनाक्रम से सभी हैरान रह गए। घायल अनीता को उसके पिता कैलाश एम्बुलेंस से लेकर उझानी अस्पताल पहुंचे जहां उसका इलाज शुरू हुआ। इलाज के दौरान विवाहिता बदहवास नजर आ रही थी। उसने पुलिस कर्मियों पर धक्का देने के आरोप भी लगाएं है। पिता कैलाश ने बताया कि उन्होंने अनीता की शादी पीतम से तीन साल पहले की थी। पिता का कहना है कि पीतम अनीता के साथ शराब पीकर मारपीट करता है। फिलहाल इस मामले पीड़ित पक्ष की ओर से कोई तहरीर पुलिस को नही दी गई है।





