बदायूं। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गांव कठौली में होली की शाम डीजे जूलुस में आपत्तिजनक गाने का विरोध करना दलित को भारी पड़ गया। नामजदो ने एक दलित के घर में घुस कर सभी की पिटाई की यहां तक महिलाओं तक को नही बख्शा। नामजदों ने घर पर पथराव भी किया जिससे घर के ऊपर लगी डा. भीमराव अम्बेडकर की मूर्ति क्षतिग्रस्त हो गई। गांव में बबाल की सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिलाओं समेत आधा दर्जन घायलो को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा है। पीड़ित ने 15 लोगों के खिलाफ तहरीर पुलिस को दी है।

गांव कठौली निवासी दलित ओमकार ने सिविल लाइन पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि उसके गांव में होली पर डीजे जूलुस निकल रहा था जिसमें जातिसूचक गाना बज रहा था जिस पर उसने डीजे संचालकों से निवेदन किया कि वह गाना बंद कर दें। ओमकार के अनुसार उस वक्त डीजे से उक्त गाना बंद कर दिया और जूलुस चला गया। ओमकार ने तहरीर में लिखा है कि आधा घंटे बाद ही एक समाज के काफी लोग एकत्र होकर उसके घर पहुंचे और अंदर घुस कर मौजूद सदस्यों के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। ओमकार का कहना है कि हमलावरों ने घर की महिलाओं को भी नही बख्शा। ओमकार ने तहरीर में लिखा है कि हमलावरों ने उसके घर पर जमकर पथराव भी किया जिससे घर पर लगी बाबा अम्बेडकर सहाब की मूर्ति भी क्षतिग्रस्त हो गई।
ओमकार ने तहरीर में घायलो के नाम किरन पत्नी नेकराम, फूलसिंह पुत्र पीतमलाल, नरवेश पुत्र रामचरन, कैलाश पुत्र रामचरन, शिवकुमार पुत्र पीतमलाल बताएं है। ओमकार ने पुलिस को दी गई तहरीर में 15 हमलावरो के नाम लिखे है। ओमकार का कहना है कि हमलावर पूरे समुदाय को जातिसूचक गालिया भी दे रहें थे। पीड़ित ने पुलिस से हमलावरों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और दलित समुदाय के लोगों की जानमाल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। गांव में हुए विवाद के बाद वीडियों भी वायरल हो रहे है।





