उझानी,(बदायूं)। वर्तमान समय में सहनशीलता को दर किनार करने के चलते हो रहे घरेलू कलह कभी-कभी सभी सीमाएं पार कर जाते हैं तब घरेलू कलह झेल रहे लोग मौत को चुनना पसंद करते हैं। ऐसा ही एक वाक्या उझानी में हुआ जहां अहिरटोला के रहने वाले एक युवक ने घरेलू कलह से परेशान होकर पेड़ से लटक कर अपनी जान दे दी। परिजन शव को पेड़ से उतार कर अपने घर ले आए तभी आए ससुराली पक्ष ने तमाम आरोप लगाएं और पुलिस को बुला लिया। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुला कर साक्ष्य एकत्र कराने के बाद शव का पीएम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
नगर के अहिरटोला मौहल्ला निवासी सियाराम का 30 वर्षीय पुत्र प्रवेन्द्र वर्तमान समय में गृहक्लेश से परेशान चल रहा था। बताते हैं कि शनिवार की दोपहर प्रवेन्द्र अपने घर से खेतों की ओर चला गया और फिर संजरपुर रोड स्थित एक भट्ठा के समीप नीम के पेड़ पर फांसी का फंदा बनाने के बाद उस पर लटक गया जिससे उसकी मौत हो गई। बताते हैं कि प्रवेन्द्र शाम तक घर नही पहुंचा और उसका मोबाइल फोन भी न लगा तब परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू कर दी। बताते हैं कि खोजबीन के दौरान प्रवेन्द्र संजरपुर रोड पर एक नीम के पेड़ से मृतावस्था में लटका हुआ मिला। प्रवेन्द्र की लाश देख कर परिजनों में चीत्कार मच गई और परिजन उसका शव पेड़ से उतार कर अपने घर ले आए।
बताते हैं कि परिजन उसके शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी में लगे हुए थे इसी दौरान उसकी मौत की सूचना पर पहुंचे ससुराली पक्ष ने प्रवेन्द्र के परिजनों पर गंभीर आरोप लगाए और फिर पुलिस को सूचना दी जिससे पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने छानबीन करते हुए घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुला कर साक्ष्य एकत्र कराएं। पुलिस ने आधी रात के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा जहां रविवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। इस मामले में जानकारी करने पर प्रभारी निरीक्षक नीरज मलिक ने बताया कि आत्महत्या की फिलहाल वजह घरेलू कलह सामने आ रहा है। ससुराली पक्ष के आरोपों के बारे में जानकारी करने पर श्री मलिक ने बताया कि दोनों पक्ष एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं।





