बदायूं। गायत्री शक्तिपीठ एवं आध्यात्मिक चेतना केंद्र पर बसंत पंचमी के पावन पर्व पर आत्मीय परिजनों ने मां सरस्वती के पूजन के साथ युगऋषि वेदमूर्ति तपोनिष्ठ पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य का आध्यात्मिक दिवस श्रद्धा एवं धूमधाम से मनाया। शक्तिपीठ पर भक्ति, साधना और आध्यात्मिक चेतना का वातावरण बना रहा। पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ हुआ। आत्मीय परिजनों ने विश्व कल्याण की कामना से आहुतियां समर्पित कीं। दीक्षा संस्कार एवं विद्याराम संस्कार भी हुए।
परिव्राजक सचिन देव ने कहा कि मां सरस्वती ज्ञान, विवेक और सद्बुद्धि प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि विद्या का वास्तविक उद्देश्य मानव को संस्कारित, संयमी और समाजोपयोगी बनाना है। युगऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य के विचार आज के समय में और भी अधिक प्रासंगिक हैं, जो व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य यजमान डॉ.श्रीराम अवतार शर्मा एवं श्रीमती दमयंती शर्मा का 50 वां विवाह दिवस मनाया गया। इस मौके पर रामचंद्र प्रजापति, मदनलाल झा, संतोष शर्मा, संजीव शर्मा, कृपा शंकर पाठक, हरिओम शर्मा, लक्ष्मी नारायण शर्मा, कालीचरण, राजश्री देवी, सत्यपाल, कमला देवी, सुशील कुमार गुप्ता, बृजेश कुमारी, दीपक शर्मा आदि मौजूद रहे।




