उझानी(बदायूं)। पांच दिवसीय दीपोत्सव पर्व के चौथे दिन उझानी नगर में गोवर्धन पूजा की धूम रही। मंदिरों के अलावा हर घर में गोवर्धन महाराज की पूजा अर्चना कर नागरिकों ने उन्हें 56 प्रकार की वस्तुओं का भोग लगा कर उनके जयघोष को गुजायमान कर दिया। मंदिरों में नागरिकों ने गोवर्धन महाराज की परिक्रमा कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
दीपोत्सव के चौथे दिन नागरिकों ने श्रद्धा और भक्ति भाव से मंदिरों के अलावा घरों में गोवर्धन महाराज की प्रतिभाएं बनाने के उपरांत उनका विधिवत रूप पूजन अर्चन किया। मंदिरों ने विशेष रूप से गोवर्धन महाराज की पूजा अर्चना की गई। साहूकारा के गौरी शंकर मंदिर परिसर में गोवर्धन महाराज के भक्त उमेश गुप्ता ने परिवार समेत गोवर्धन महाराज की पूजा अर्चना की और आरती उतार कर प्रसाद का वितरण किया। इस अवसर पर जुटे भक्तों ने परिक्रमा कर पुण्य लाभ अर्जित किया। इस अवसर पर दिनेश पाठक, डब्बू वार्ष्णेय, भाजपा अध्यक्ष अखिल अग्रवाल, सुशील साहू, मुकेश गुप्ता, विमल गुप्ता समेत भारी संख्या में नर नारी भक्त मौजूद रहे।
इधर श्रीराधा कृष्ण मंदिर में महायज्ञ के साथ गोवर्धन पूजा हुई। वेदाचार्य गोपाल शर्मा ने वेदमंत्रोच्चारण कर यज्ञ संपन्न कराया। मनोज माहेश्वरी और उनकी पत्नी राधा माहेश्वरी मुख्य यजमान रहीं। गणमान्य नागरिको ने लोककल्याणार्थ यज्ञ भगवान को गायत्री मंत्र और महामृत्युंजय मंत्र की विशेष आहुतियां समर्पित की मातृशक्तियों और देवकन्याओं ने गोवर्धन भगवान की पूजा अर्चना की विशेष मिष्ठान और अन्नकूट का विशेष भोग लगाया। इस मौके पर संजीव शर्मा, शिवनारायण शर्मा, कैलाश चंद्र शर्मा, रामप्रकाश शर्मा, प्रवेश शर्मा, शिवनारायण शर्मा, अशोक, सुभाष आदि मौजूद रहे।





