उझानी/ बदायूं। कोतवाली क्षेत्र के हजरतगंज गांव में खाना बनाते समय कुकर फटने से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। 45 वर्षीय सत्यवती देवी पत्नी सीताराम को गंभीर हालत में बरेली रेफर किया गया है। यह घटना आज सुबह करीब 8 :30 बजे हुई।
सत्यवती देवी सुबह अपने घर पर चूल्हे पर दाल बना रही थीं। काफी देर तक कुकर में सीटी नहीं आने पर उन्होंने कुकर को हिलाकर देखा। इसी दौरान अचानक कुकर फट गया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गईं।
घायल सत्यवती को तत्काल उझानी नगर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बरेली रेफर कर दिया। डॉक्टरों की सलाह पर परिजन उन्हें अपने निजी वाहन से इलाज के लिए बरेली ले गए हैं।






