उझानी,(बदायूं)। बीती आधी रात कोतवाली पुलिस का संभल के गौतस्कर से सामना हो गया फिर क्या था तस्कर ने पुलिस पार्टी पर फायर कर दिए तब पुलिस ने भी जबाबी कार्रवाई की जिसमें गौतस्कर के पैर में गोली लग गई इसके बाद पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया और अभिरक्षा में इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। गौतस्कर पर कई मुकदमें दर्ज होने का दावा पुलिस कर रही है। पुलिस ने गौतस्कर से एक तमंचा और कारतूस एवं कार बरामद की है।
उझानी कोतवाली क्षेत्र की कछला चौकी प्रभारी कपिल कुमार बीती आधी रात सिपाहियों के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे इसी दौरान बितरोई मोड़ के समीप मुजरिया की ओर जाने वाली सड़क किनारे संदिग्धाावस्था में एक कार खड़ी दिखाई दी जिस पर पुलिस उक्त कार की ओर बढ़ी ही थी कि कार में सवार एक व्यक्ति ने पुलिस पर फायर कर दिया। पुलिस ने जैसे तैसे फायर से अपना बचाब किया और जबाबी कार्रवाई की इसी दौरान भागने का प्रयास कर रहे कार सवार के बाएं पैर में गोली जा लगी और वह वही गिर गया। पुलिस ने घेराबंदी कर घायल को गिरफ्तार कर लिया।
घायल से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम मो. अहमद पुत्र यासीन निवासी ग्राम सिरसी थाना हजरतनगर गढ़ी जिला सम्भल बताते हुए कहा कि वह गौतस्कर है और बीते दो दिसंबर को जब उनका कंटेनर उझानी क्षेत्र में खराब हो गया था तब वह उक्त गाड़ी को छोड़ कर भाग निकले थे और रात में इस कंटेनर को देखने आया था तब पता चला कि पुलिस ने उसे लावारिस हालत में बरामद कर कछला चौकी पर खड़ा कर रखा है। पुलिस ने घायल के कब्जें से पुलिस पर फायर करने वाला तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस तथा कार बरामद की है। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार गौतस्कर पर विभिन्न मामलों में मुकदमें दर्ज है। पुलिस ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। हालत सही होने पर पुलिस उसे जेल भेजेगी।





