बदायूं। शहर के तीन मौहल्लों में लम्बे समय से चल रही पेयजलापूर्ति की समस्या को लेकर तीन वार्डो के सदस्य ओवर हैड टैंक पर जा चढ़े और पालिका प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए जनहित में पेयजल की समस्या का स्थाई निदान कराने की पुरजोर मांग की। पालिका प्रशासन की ओर से समस्या के समाधान का आश्वासन देकर किसी तरह से तीनों को नीचे उतारा गया।
शहर के वार्ड संख्या 15 मौहल्ला ब्राहमपुर के पालिका सदस्य मुकेश साहू, वार्ड संख्या 18 मौहल्ला कल्याणनगर के सदस्य मोहित सक्सेना और वार्ड संख्या 27 नई सराय के सदस्य रफीक उद्दीन अपने-अपने मौहल्लों में चल रही पानी की समस्या को लेकर सोमवार की सुबह सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अम्बेडकर छात्रावास के समीप बने ओवर हैड टैंक के ऊपर जा चढ़े। तीनों पालिका सदस्यों ने ऊपर चढ़ने के बाद पालिका प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया तब नागरिकों की नजर तीनों पर पड़ी इसके बाद वहां काफी संख्या में नागरिक जुट गए। नागरिकों ने तीनों से नीचे उतरने को कहा पर वह नही माने।
पालिका सदस्यों का कहना है कि पालिका प्रशासन के अधिकारियों की लाहपरवाही के चलते उनके मौहल्लों में गंदा और दूषित पानी आता है और पिछले कई दिनों से पानी की सप्लाई ही बंद है जिससे मौहल्लावासी पानी को तरस गए हैं। उन्होंने पालिका प्रशासन के समक्ष अपनी तीन मांगे रखी कि दूषित पानी की सप्लाई को तत्काल बंद किया जाए और पानी की जर्जर लाइनों को भी बदला जाए ताकि दूषित पानी न आ सके। पालिका सदस्यों का कहना है कि ग्रामीण इलाकों से जुड़े मौहल्लों से उनके मौहल्लों की पाइप लाइनों को जोड़ा जाए ताकि मौहल्लावासियों को पानी मिल सके। बताते हैं कि इस पालिका के जेई ने मौके पर पहुंच कर समस्या के निस्तारण का आश्वासन देकर तीनों को किसी तरह से नीचे उतारा। इस बीच थाना पुलिस भी पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।




