उझानी

दर्दनाक हादसाः उझानी में रोडवेज बस ने बारात की बस को मारी टक्कर, तीन की मौत, एक दर्जन से अधिक हुए घायल

Up Namaste

उझानी,(बदायूं)। थाना क्षेत्र में उझानी-बदायूं के मध्य जिलौरिया के पास रविवार की तड़के तेज गति की रोडवेज बस ने बारात से भरी बस को टक्कर मार दी जिसके परिणाम स्वरूप तीन बारातियों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक दर्जन से अधिक घायल है। हादसे पर जुटे नागरिकों और पहुंची पुलिस ने घायलों समीप के मेडीकल कालेज में भर्ती कराया है जहां दो युवकों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर बरेली रैफर किया गया है। बारात कासगंज जिले से शाहजहांपुर जिले में गई थी जहां से वापस लौटते वक्त दर्दनाक हादसा हो गया।

भीषण हादसा रविवार की तड़के उझानी थाना क्षेत्र के गांव जिरौलिया और जजपुरा के मध्य हुआ। यहां कासगंज की ओर जा रही बारात से भरी बस को तेज गति की रोडवेज बस ने जोरदार टक्कर मार दी जिसके परिणाम स्वरूप बारात की बस के परखच्चें उड़ गए और बस में सवार बारातियों में चीख पुकार मच गयी। बताते हैं कि हादसे पर राहगीर और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना देकर बस में फंसे बारातियों को निकालने में जुट गए। इस बीच पुलिस भी पहुंच गई और उसने घायल बारातियों को समीप के ही मेडीकल कालेज में इलाज के लिए भेजा है। हादसे के बाद जब बस में फंसे यात्रियों को निकाला गया तब तक उसमें 11 साल के किशन पुत्र रमेश निवासी कछला, 30 वर्षीय योगेश पुत्र संजय निवासी ईगेपुर थाना अमापुर जनपद कासगंज और 22 साल के सोनू पुत्र अशोक निवासी ग्राम सलेकपुर की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने तीनों शवों को अपने कब्जें में लेकर पीएम को जिला मुख्यालय भेज दिया है।

बताते है कि बारात कासगंज जिले के गांव नगला भम्मा निवासी प्रेमपाल श्रीवास्तव के लड़के की बारात शाहजहांपुर जिले के गांव बाराकला निवासी अवनेश श्रीवास्तव के यहां गई थी। बताते हैं कि बाराकला से प्रेमपाल ने बस को सुबह चार बजे के करीब वापस भेज दिया था ताकि बाराती समय पर अपने घरों को पहुंच सके। बताते हैं कि बारात से भरी बस उझानी क्षेत्र में गांव जिरौरिया और जजपुरा के मध्य पहुंची ही थी कि हादसे का शिकार हो गई। हादसे की सूचना जब मृतकों और घायलो के परिजनों को मिली तो उनमें चीत्कार मच गई और शादी की खुशियां गम में बदल गई। हादसे के बाद परिजन रोते बिलखते मेडीकल कालेज पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया है कि दोनों बसों के चालक भी घायल हुए है और उन्हें हिरासत में लेकर उनका उपचार कराया जा रहा है।

यह बाराती हुए है घायल
जीतू, मुरारीलाल पुत्र वेदराम, कशु, सुरेश बाबू पुत्र रधुवीर, अभिषेक पुत्र शिशुपाल समेत एक दर्ज से अधिक बाराती घायल हुए है। घायलो में मुरारीलाल और सुरेश बाबू की गंभीर हालत को देखते हुए डाक्टरों ने हायर सेंटर बरेली रैफर कर दिया गया है।

अभिनव सक्सेना

Leave a Reply

error: Content is protected !!