बदायूं। जिले के थाना उझानी क्षेत्र के गांव चंदनपुर के समीप बह रहीं गंगा नदी में स्नान करने पहुंचे पांच दोस्तों में से दो गंगा के गहरे पानी में स्नान करते वक्त समा गए जिससे दोनों की मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों के अलावा पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन चला कर दोनों के शव गंगा नदी से बरामद कर लिए हैं। दो युवकों की मौत से उनके परिवार में चीत्कार मच गई है।
उझानी थाना क्षेत्र के गांव बगुला नगला निवासी पांच दोस्त चंदनपुर गांव के पास गंगा नदी में स्नान करने गुरुवार की शाम को पहुंचे थे। बताते हैं कि सभी दोस्त गंगा नदी में स्नान करने को उतारे और स्नान करते वक्त विवेक पुत्र लीलाधर और उसका साथी कृष्ण उर्फ नन्हे पुत्र दाताराम गहरे पानी में पहुंच गए और डूबने लगे। बताते हैं कि तीन अन्य दोस्तों ने दोनों को बचाने का प्रयास किया मगर वह गंगा के गहरे पानी में समा गए।
बताते हैं कि तीनों युवकों ने शोर मचाकर ग्रामीण को एकत्र कर लिया साथ ही हादसे की सूचना कछला चौकी पुलिस को दी जिस पर पुलिस भी गंगा तट के पहुंच गई और डूबे युवकों की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। बताते हैं कि गोताखोरों और ग्रामीणों ने गंगा नदी में उतरकर करीब 2 घंटे बाद गंगा में डूबे दोनों युवकों के शव करीब दो घंटे बाद बरामद कर लिए। दोनों युवकों की लाशें देखकर उनके परिजन चीत्कार कर उठे जिससे मौजूद लोगों की भी आंखें नम हो गई। पुलिस ने दोनों युवकों के शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।






