उझानी,(बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र के गांव भठ्ठानगला में गुरूवार को तेज गति के ट्रैक्टर ने चारपाई पर बैठे ग्रामीणों को रौंद दिया जिसके परिणाम स्वरूप एक ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई है जबकि एक ग्रामीण घायल हो गया है। इस हादसे पर गांव में अफरा तफरी मच गई और इसी बीच चालक मौके से भागने में कामयाब हो गया। हादसे के बाद घायल को ग्रामीणो ने उझानी अस्पताल में भर्ती कराया है जहां से उसे रेफर कर दिया गया है।
गांव भठ्ठानगला निवासी कप्तान सिंह पुत्र पीतम अपने ही गांव निवासी जालू पुत्र राजाराम और अन्य ग्रामीणों के साथ घर के दरवाजे के बाहर चारपाई पर बैठा हुआ था। बताते हैं कि इसी दौरान गांव निवासी एक व्यक्ति टैक्टर लेकर उधर आया। बताते है कि टैक्टर की गति तेज होने के कारण चालक उस पर नियंत्रण नही रख सका और टैक्टर को चारपाई पर चढ़ा दिया जिससे उसकी चपेट में आकर कप्तान की मौके पर ही मौत हो गई जबकि जालू बुरी तरह से घायल हो गया। इस दौरान अन्य ग्रामीणों ने इधर उधर कूद कर अपनी जान बचाई। हादसे को अंजाम देने के बाद चालक वाहन छोड़ कर मौके से भाग निकला। हादसे पर जुटे परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही घायल जालू को उझानी अस्पताल लेकर पहुंचे जहां से उसे रेफर कर दिया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जें मंे लेकर पीएम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।






