बदायूं। आगामी 18 फरवरी से 12 मार्च के मध्य संचालित होने वाली यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारियों के सम्बंध में डायट ऑडिटोरियम में आहूत बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी अवनीश राय ने कहा कि बोर्ड परीक्षा को नकलविहीन, सूचितापूर्ण व पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराना शासन की प्राथमिकता है। सभी अधिकारी, केन्द्र व्यवस्थापक व मजिस्ट्रेट बोर्ड परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से सफलतापूर्वक आयोजित कराना सुनिश्चित करें तथा परिषद के निर्देशों का शत प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराएं।
उन्होंने बताया कि बोर्ड परीक्षा हेतु 98 परीक्षा केन्द्रों पर एक-एक केन्द्र व्यवस्थापक एवं बाह्य केन्द्र व्यवस्थापक की नियुक्ति की गई है। नियुक्त किए गए बाहय केन्द्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि वह आवंटित परीक्षा केन्द्र पर तत्काल पहुंचकर दोनों ओर वायस रिकार्डरयुक्त सीसीटीवी कैमरा, प्रधानाचार्य कक्ष से अलग डबल लॉक युक्त कमरा जिसमें 04 डबल लॉक युक्त अलमारी होना अनिवार्य हैं तथा कमरें के अन्दर तथा गेट के बाहर सीसीटीवी कैमरा लगा हो, डीवीआर की 30 दिन की रिकार्डिंग सहित स्वच्छ पेयजल, बालक/बालिका अलग-2 शौचालय की व्यवस्था, पर्याप्त फर्नीचर आदि की व्यवस्था कराना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि यदि किसी बाह्य केन्द्र व्यवस्थापक के द्वारा किसी भी प्रकार की लापरवाही बरती जाती है, तो उनके विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी, जिन प्रधानाचार्यां, प्रवक्ता, सहायक अध्यापकों के पाल्य परीक्षा केन्द्र पर परीक्षा दे रहे हों वे कदापि केन्द्र व्यवस्थापक/बाड्य केन्द्र व्यवस्थापक का पदभार ग्रहण नहीं करेंगे।





