बिसौली,(बदायूं)। जनता की समस्याओं का निराकरण और अवैध कब्जा करने वाले माफियाओं पर कार्रवाई का दम भरने वाली योगी सरकार की बदायूं पुलिस ने अपनी जमीन पर हुए अवैध कब्जा मुक्त कराने की गुहार लगा रहे एक दंपति को हिरासत में लेकर थाने में बैठा लिया। जब इसकी जानकारी जागरूक अधिवक्ताओं को हुई तब उन्होंने पुलिस ने पूछा कि पीड़ित को ही थाने में क्यों बैठाया गया है जिस पर पुलिस के पास कोई जबाब नही था। पुलिस की इस कार्यप्रणाली के चलते तहसील में मौजूद नागरिकों में एक ही चर्चा थी कि पुलिस केवल कमजोर, पीड़ित और न्याय मांगने वाले को ही परेशान करती है जबकि अपराध करने वाले खुलेआम घूमते हैं।
बिसौली थाना क्षेत्र के गांव राजीव शर्मा शनिवार को तहसील दिवस में अपनी शिकायत लेकर पहुंचे थे लेकिन उनकी एक न सुनी गई। राजीव शर्मा की पत्नी रो-रोकर कह रही थी कि उनकी जमीन पर लगातार कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है और पुलिस उनकी मदद नही कर रही है और न ही उन्हें न्याय दिला रही है। राजीव शर्मा का कहना है कि उनकी जमीन पर गांव का ही एक व्यक्ति कब्जा करने का प्रयास कर रहा है और कई बार उनके प्लाट पर मिट्टी डाल चुका है। राजीव का कहना है कि वह पिछले तीन महीनों से न्याय के पुलिस और अधिकारियों के दर पर भटक रहे हैं।
बताते हैं कि जब पीड़ित महिला रो कर अपनी दास्तां सुना रही थी इसी दौरान कोतवाली पुलिस ने दंपति को हिरासत में लेकर थाने में बैठा लिया। बताते हैं कि जब एक पीड़ित के साथ पुलिस की कार्रवाई का पता चला तब तहसील बार एसोसिएशन के नव निर्वाचित अध्यक्ष एड. अल्ताफ हुसैन अन्य अधिवक्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए पूछा कि पीड़ित को ही हिरासत में क्यों लिया गया है। अधिवक्ताओं के इस सवाल का पुलिस के पास कोई जबाब नही था। बताते हैं कि पुलिस ने अधिवक्ताओं की नाराजगी के बाद दंपति को थाने से गांव भेज दिया। जनता की सेवा में दम भरने वाली योगी सरकार में पुलिस की कार्यप्रणाली की चर्चा बिसौली तहसील में पूरे दिन रही। तहसील में आए फरियादी आपस में चर्चा करते नजर आ रहे थे कि बदायूं जनपद की तहसील बिसौली भ्रष्टाचार का केन्द्र बन गई है। चर्चा है कि यहां तैनात अधिकारियों से जुड़े लोग भ्रष्टाचार करने में कोई कसर नही छोड़ते हैं।




