उझानी,(बदायूं),(यूपीएन न्यूज)। थाना कादरचौक के गांव सुर्खा में बीती रात एक मुर्गी फार्म में अचानक आग लग गई। आग ने विकराल रूप धारण कर लिया जिससे पल रहे दो हजार मुर्गी के बच्चें जिन्दा जल कर मर गए वही पचास कट्टा मुर्गीदाना भी जल कर राख हो गया। मुर्गी फार्म के स्वामी ने पुलिस को तहरीर देकर गांव के ही एक व्यक्ति पर आग लगाने का आरोप लगाया है। आगजनी में लगभग पांच लाख के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
थाना कादरचौक क्षेत्र के ग्राम सुर्खा निवासी रामेश्वर पुत्र नौबत का मुर्गी फार्म है जिसमें लगभग 200 मुर्गी के बच्चे (चूजा) पल रहे थे। फार्म स्वामी का आरोप है कि बीती शाम लगभग 7 बजे गांव का ही राम निवास पुत्र रोशन लाल चुपके से उसके मुर्गी फार्म पर आया और आग लगा कर फरार हो गया। उसने बताया कि आग ने जब विकराल रूप धारण कर लिया तब उसे और अन्य ग्रामीणों को जानकारी हुई और सभी ने मिल कर किसी तरह से आग पर काबू पाया लेकिन तब तक पूरा मुर्गी फार्म जल कर राख हो गया और इसी के साथ फार्म हाउस में पल रहे दो हजार मुर्गी के बच्चें भी जल कर राख में बदल गए। पीड़ित ने ग्रामीण के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की हैं





