बिल्सी,(बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र में बदायूं मेरठ हाइवे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया जिससे एक परिवार चीत्कार कर उठा। हादसे में उझानी क्षेत्र निवासी बाइक सवार दो सगे भाईयों की मौत हो गई। दोनों भाई अपने परिवार की लड़की के लिए लड़का देखने उझानी से बिल्सी आ रहे थे लेकिन हादसे का शिकार हो गए। हादसे पर जुटे ग्रामीणों ने ट्रक चालक को पड़क लिया और पीट कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने दोनों शवो को पीएम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।
उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव बराय बरसुआ निवासी मैकू लाल के परिजन लड़की के लिए रिश्ता देखने बिल्सी आ रहे थे। अधिकांश परिजन कार में सवार थे जबकि मैकूलाल के दो पुत्र भूपसिंह और राजेश बाइक से बिल्सी आने के लिए निकले थे। बताते हैं कि बाइक सवार भाई बदायूं मेरठ हाइवे के गांव बैन के समीप पहुंचे ही थे कि तेज गति के ट्रक ने दोनों भाईयों को मय बाइक के अपनी चपेट में लेकर जोरदार टक्कर मार दी जिससे दोनों सड़क पर गिर कर लहूलुहान हो गए जिसमें एक भाई की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे पर जुटे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी जिस पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों को जीवित समझ कर बिल्सी अस्पताल ले आई जहां डाक्टर ने भूपसिंह को मृत घोषित कर दिया जबकि राजेश की गंभीर हालत को देखते हुए मेडीकल कालेज रैफर कर दिया। बताते हैं कि हादसे की सूचना पर परिजन रोते बिलखते अस्पताल पहुंचे और राजेश को इलाज के लिए लेकर मेडीकल कालेज को निकले लेकिन उसने भी रास्ते में दम तोड़ दिया। एक साथ दो सगे भाईयों की मौत की सूचना जब उनके गांव पहुंची तब पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। वही खुशियां मना रहे परिवार चीत्कार कर उठा। पुलिस ने दोनों शवों को जिला मुख्यालय पीएम के लिए भेज दिया है। बताते हैं कि हादसे पर ग्रामीणों ने ट्रक चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी जिसमें वह घायल हो गया। चालक का पुलिस इलाज करा रही है।





