उझानी,(बदायूं)। नगर के समीपवर्ती गांव अढ़ौली से बीती आधी रात के बाद बाइक सवार एक युवक को नशा सुंघा कर उसका अपहरण कर अपने साथ ले गए। मंगलवार की सुबह अर्द बेहोशी हालत में आए युवक के फोन कॉल पर परिजन उसे खोजते हुए बदायूं क्षेत्र के गांव पहुंचे जहां वह युवक परिजनों को मिल गया। परिजन युवक को घर ले आए और अब परिजन युवक के होश में आने पर हकीकत के आधार पर पुलिस को सूचना देने की बात कह रहे हैं। अपहरण की इस वारदात से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
गांव अढ़ौली के प्रधान पोपीराम का भतीजा अंकित पुत्र लाखन बीती आधी रात अपने टैकटर से आलू ढोने के बाद अपने पिता के साथ घर वापस लौटा था और फिर खाना खा-पीकर सोने चला गया। परिजनों ने बताया कि रात लगभग दो बजे के करीब ट्राली में खटपट की आवाज सुन कर अंकित घर का दरवाजा खोल कर बाहर निकला फिर घर के अंदर नही पहुंच सका। इस बीच अन्य परिजनों की आंख खुली तब घर का दरवाजा खुला देख परिजनों ने बाहर आकर देखा मगर कोई नजर नही आया तब उनका ध्यान अंकित की ओर गया लेकिन अंकित घर पर मौजूद नही था जिससे परिजनों में कोहराम मच गया और उन्होंने उसकी तलाश शुरू कर दी।
बताते हैं कि मंगलवार की तड़के अंकित का फोन परिजनों के पास आया और उसने बताया कि वह बदमाशों के चुंगल से छूट कर बदायूं के गांव भगवतीपुर के पास है। इस सूचना पर परिजन उसे खोजते हुए भगवतीपुर पहुंचे जहां अंकित अर्द बेहोशी हालत में पड़ा मिल गया जिससे परिजन उसे घर ले आए। इस मामले में जानकारी करने पर ग्राम प्रधान ने बताया कि अंकित ने सिर्फ इतना बताया है कि जब वह घर से बाहर गया था तभी कुछ लोग नजर आए और उन्होंने उसके सिर पर कपड़ा डाल दिया इसके बाद उसे होश नही रहा। परिजनों का कहना है कि अंकित अभी पूरी तरह से होश में नही है होश में आने पर पूरी जानकारी करके पुलिस को सूचना दी जाएगी फिर भी सकरी जंगल हल्का के दरोगा को घटना से अवगत करा दिया गया है। इस मामले में जानकारी करने पर प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार ने बताया कि उनके पास अपहरण की सूचना नही है।





