उझानी(बदायूं)। कादरचौक थाना क्षेत्र के गांव बमनौसी में सार्वजनिक स्थानों पर लगे हैंड पंप खराब होने से ग्रामीण और बच्चे बूंद बूंद पानी को तरस रहे हैं। हैंड पंप को सही करने के बजाय गांव की प्रधान अपने स्वार्थ में लिप्त हैं। हैंड पंप को सही करने को लेकर कादरचौक कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष सत्यवीर यादव ने जिला अधिकारी को पत्र प्रेषित किया है।
जिला अधिकारी को लिखे गए पत्र में श्री यादव ने कहा है कि गांव बमनौसी के स्कूल पंचायत घर अस्पताल और ग्राम देवता परिसर के अलावा गांव के अन्य स्थानों में लगे इंडिया मार का हैंडपंप पिछले काफी समय से खराब पड़े हैं जिससे सही करने में गांव की प्रधान विमल माथुर लापरवाही बरत रही हैं। कांग्रेस नेता ने पत्र में लिखा है कि हैंड पंपों के खराब होने से ग्रामीण और स्कूली बच्चों के साथ अस्पताल पहुंचने वाले आसपास गांव के मरीजों को पानी के लिए भटकना पड़ता है और दूर दराज क्षेत्र से पीने का पानी लाया जाता है।
कांग्रेस नेता का कहना है कि गांव के खराब पड़े हैंड पंप को सही करने की गुहार प्रधान से लगा चुके हैं मगर प्रधान सुनने को तैयार नहीं है। उन्होंने जिलाधिकारी से गांव के खराब पड़े हैंडपंपो को सही करने की पुरजोर मांग की है ताकि ग्रामीणों के अलावा स्कूली बच्चों और मरीजों को पीने का पानी मिल सके। पत्र पर कांग्रेस नेता के अलावा गांव के ग्रामीण कृष्ण पाल उर्फ साधु सिंह जीशान धीर सिंह, श्रीनिवास, नितिन मिश्रा गुरमीत संजू सक्सेना और मनोज कुमार ने अपने हस्ताक्षर करते हुए जिला अधिकारी से कहा है कि यदि वह गांव के हैंडपंप सही कर देते हैं तो इंसानों के साथ गर्मी में व्याकुल जीव जंतुओं को भी पीने का पानी मिल जाएगा।




