बदायूं। जनपद की प्रभारी मंत्री गुलाब देवी ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में जनप्रतिनिधियों और जिलाधिकारी के साथ जनपदीय विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को लगन व निष्ठा से कार्य करने के लिए कहा। उन्होंने कहा की प्रगति में सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि अधिकारी निष्ठा से कार्य कर विकास को गति दें।
उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) माध्यमिक शिक्षा व जनपद की प्रभारी मंत्री गुलाब देवी ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए आगामी बरसात के दृष्टिगत नालों की अभी से ही सफाई कराने के लिए कहा तथा बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ रखने, विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन आदि योजनाओं में पात्रों को लाभ पहुंचाने के लिए कहा। उन्होंने अधिकारियों को गौशालाओं में निराश्रित गोवंशों के लिए स्वच्छ जल की व्यवस्था तथा छांव की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए भी कहा।
भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि बिजली व्यवस्था में लोकल ब्रेकडाउन से आमजन प्रभावित न हो। उन्होंने कहा कि जहां आवश्यकता हो वहां बिजली घरों को उच्चिकृत किया जाए। उन्होंने कहा कि गर्मी के दृष्टिगत आगामी एक महीने के लिए ऐसी सुदृढ़ व्यवस्था की जाए कि खराब तार व लाइन आदि को तत्काल ठीक कराया जा सके, जिससे आमजन प्रभावित न हो। उन्होंने खराब ट्रांसफार्मर को जल्द से जल्द बदलवाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा ताकि आमजन को इससे परेशानी ना हो।
जिलाधिकारी अवनीश राय ने जनपद के विकास कार्यों की प्रगति प्रस्तुत करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर अप्रैल 2026 तक के कार्यों में जनपद को विकास कार्यों में 42वीं रैंक, राजस्व में 19वीं तथा संयुक्त रूप से 23वीं रैंक प्राप्त हुई है। उन्होंने बताया कि 85 योजना व कार्यक्रमों की समीक्षा की जाती है, जिनमें से जनपद को 53 योजना व कार्यक्रमों में ए श्रेणी, 04 में बी श्रेणी, 01 में सी श्रेणी, 03 में डी श्रेणी प्राप्त हुई है। 24 योजना व कार्यक्रम ऐसे हैं जिसमें श्रेणी नहीं दी जाती है।
उन्होंने बताया कि गंगा एक्सप्रेसवे पर होने वाली घटनाओं में घायलों को तुरंत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो इसके लिए एक्सप्रेसवे के समीप स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वजीरगंज, दातागंज व बिनावर में ट्रॉमा मैनेजमेंट बनाने के दृष्टिगत जनशक्ति व उपकरण आदि की व्यवस्था के लिए शासन को लिखा गया है तथा इस पर कार्य किया जा रहा है। इस अवसर पर जिला वन अधिकारी निधि चौहान, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अरूण कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ श्रीमोहन झा, अधीक्षण अभियन्ता विद्युत अजय कुमार, सहायक निदेशक सूचना आशुतोष चंदोला सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।



