बदायूं। थाना दातागंज के समरेर स्थित जय प्रकाश नारायण सर्वाेदय आवासीय बालिका विद्यालय में खाना खाने के बाद सात छात्राओं की तबियत बिगड़ गई। बीमार छात्राओं को आनन फानन में समरेर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया जहां चिकित्सकों ने दो छात्राओं की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बालिकाओं के उपचार के बाद पांच छात्राओं को परिजन बालिकाओं को किसी निजी अस्पताल में इलाज वास्ते लेकर चले गए। परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए सवाल खड़े किए है।
अभिभावकों की माने तब आवासीय विद्यालय में कुछ भी ठीक नही चल रहा है। अभिभावकों का कहना है कि जब उनकी बच्चियों की हालत बिगड़ी तब उन्हें सूचना दी गई जिस पर वह अस्पताल पहुंचे। अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए सवाल खड़े किए है कि जब उनके बच्चों की गर्मी से हालत बिगड़ रही है तब उन्होंने इसकी सूचना उन्हें क्यों नही दी? इलाज को अस्पताल लाई गई छात्राओं में से गंभीर हालत में रैफर की गई छात्राएं प्रिया और राधिका जो क्रमशः इंटरमीडिएट और जूनियर हाईस्कूल की छात्राएं हैं।
चिकित्सकों और विद्यालय की छात्राओं के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला गर्मी से बच्चों की तबियत बिगड़ने का लग रहा है,और खाने में भी दिक्कत हो सकती है ये जांच का विषय है। वहीं पूरे मामले में प्रधानाचार्य का कहना है कि गर्मी की वजह से तीन छात्राओं की तबियत बिगड़ी थी,इस दौरान वह झूठ बोलते नजर आए क्योंकि अस्पताल के रजिस्टर में सात छात्राओं के भर्ती होने को एंट्री थी। पूरे मामले में एसडीएम ने संज्ञान लेते हुए नायब तहसीलदार जांच-पड़ताल के लिए मौके पर भेजा है।





