बदायूं। जिले के थाना कुंवरगांव के गांव मड़िया भासी में रविवार की सुबह अपने ही पशुशाला में फंदे पर मृतावस्था में लटके मिले युवक द्वारा आत्महत्या करने की संभावना जताई जा रही थी लेकिन युवक के ससुरालीजनों के बाद मृतक के पिता ने अपने छोटे बेटे पर युवक की हत्या का आरोप लगा कर सनसनी फैला दी है। पुलिस ने शव का पीएम करा कर परिजनों को सौंप दिया है वही पुलिस ने आरोपों के मद्देनजर जांच शुरू कर दी है।
रविवार की सुबह गांव निवासी ओमकार का पुत्र ओमवीर की पशुशाला में फंदे पर लटकती हुई लाश मिली। लाश मिलने के बाद चर्चा हुई की मायके से पत्नी के न आने के कारण ओमवीर ने फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली। इस बीच ससुरालीजनों ने परिजनों पर ओमवीर की हत्या के आरोप भी लगाए। बताते है कि इस प्रकरण में उस समय नया मोड़ आया जब मृतक ओमवीर के पिता ओमकार ने गांव पहुंच कर अपने छोटे बेटे वीरपाल पर ओमवीर की हत्या का आरोप लगाया। आरोप लगने के बाद मृतक का छोटा भाई वीरपाल फरार हो गया है।
पिता ओमकार का कहना है कि ओमवीर दिल्ली रह कर छोले भठूरे बेंच कर परिवार का जीवन यापन करता था। पिता ने बताया कि ओमवीर की शादी दो माह पहले बरेली जिले के थाना अलीगंज के गांव कुंवरपुर निवासी रिंकी से हुई थी और रिंकी रक्षाबंधन पर अपने मायके गई हुई थी जबकि ओमवीर घर पर था जिसका रविवार को संदिग्धावास्था में शव मिला। पुलिस को अब पीएम रिपोर्ट का इंतजार है। उसी आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई अमल में लाएगी।






