बदायूं। उझानी में बुधवार की रात कल्याण चौक के समीप तेज गति की कार डिवाडर से टकरा कर सड़क के दूसरी ओर जा गिरी। हादसे में कार सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और हादसाग्रस्त कार हटवा कर आवागमन सुचारू कराया।
हादसा बुधवार की रात करीब 10 बजे हुआ। कल्याण चौक के समीप मोती महल के सामने एक तेज गति की कार डिवाडर से जा टकराई। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार डिवाडर से टकराने के बाद उछल कर दूसरी और जा गिरी और बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे पर जुटे नागरिकों ने पुलिस को सूचना दी जिस पर पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंच कर कार सवारों को बाहर निकाला और राजकीय मेडिकल कालेज भेज दिया जहां डाक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बारे में प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह सोलंकी ने बताया कि एक मृत युवक की शिनाख्त उझानी के रहने वाले सागर मिश्रा के रूप में हुई है। जबकि दूसरे मृत युवक की शिनाख्त के प्रयास जारी है। पुलिस हादसे की सूचना सागर के परिजनों को दी तब परिजन चीत्कार कर उठे।





