उझानी,(बदायूं)। भीषण गर्मी के बीच उझानी नगर में बिजली सप्लाई के हालात बद् से बद्तर हो गए हैं। नगर की बिजली सप्लाई की हर घंटे ट्रिपिंग होती है और फिर कई घंटों के लिए बंद हो जाती है वही दूसरी ओर कई मौहल्लें ऐसे है जहां कई दिनों से बिजली खराब है लेकिन उसे सही कराने की जहमत बिजली अधिकारी और कर्मचारी नही उठा रहे है जिससे जनता में बिजली महकमा के खिलाफ आक्रोश पनपने लगा है। बिजली की सप्लाई न मिलने का सीधा असर नगर की पेयजल आपूर्ति पर दिखने लगा है और नागरिक बूंद-बूंद पानी को तरसने लगे है।
आधी अप्रैल के बाद से शुरू हुई भीषण गर्मी के साथ नगर की बिजली व्यवस्था ने भी दम तोड़ दिया। 25 अप्रैल तक यह स्थिति बन गई है कि हर घंटे बिजली सप्लाई की ट्रिपिंग होती है और घंटों के लिए बिजली गायब हो जाती है। उझानी नगर समेत पूरे क्षेत्र में बिजली सप्लाई को सुचारू रख पाना बिजली महकमा के अधिकारियों और कर्मचारियों की वश की बात नही रह गई है। बिजली सप्लाई न मिलने का सीधा असर जनजीवन पर हो रहा है। बिजली की ट्रिपिंग, कम वोल्टेज की समस्या ने नागरिकों का दिन और रात का चैन छीन लिया है वही न तो नगर पालिका की पानी सप्लाई सुचारू हो पा रही है और न ही निजी स्तर पर सबरसेबिल से पानी नागरिकों को मिल पा रहा है जिससे भीषण गर्मी में नागरिक बिजली के साथ पानी की समस्या से भी जूझते नजर आ रहे है।
उझानी स्थित बिजली विभाग के अधिकारी और कर्मचारी नागरिकों को पर्याप्त मात्रा में बिजली की सप्लाई देने में नाकाम साबित हुए है। अधिकारी और कर्मचारी बिजली सप्लाई न मिलने की वजह बताने को तैयार है। नागरिकों का कहना है कि जब वह बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों और लाइनमैन को फोन करते है तो कोई भी सरकारी और निजी नम्बर रिसीव नही करता है। नगर के मौहल्ला साहूकारा के होली चौक निवासी नागरिक शुक्रवार की रात 11 बजे तक विद्युत उपकेन्द्र संख्या एक पर बिजली सप्लाई को डटे रहे। इन नागरिकों का कहना है कि उनके इलाके में दो दिन से बिजली गायब है और बिजली कर्मी बिजली सप्लाई को सही नही कर पा रहे है जिससे वह बूंद बूंद पानी को तरस गए है। यही स्थिति अनेकों मौहल्लों की है।
बिजली कर्मियों की माने तब विद्युत उपकेन्द्र परिसर में लगा पांच एम्पीअर का एक ट्रांसफार्मर खराब हो गया है जिसके चलते बिजली सप्लाई पर बड़ा असर हुआ है। बिजली कर्मियों की माने तब ट्रांसफार्मर आने में कई दिन लग सकते है तब तक उझानी नगर समेत ग्रामीण अंचलों की बिजली सप्लाई की स्थिति बद् से बद्तर बनी रहने की संभावना है। नागरिकों का कहना है कि विद्युत उपकेन्द्र पर तैनात अधिकारी अपने कार्यालय कक्ष में बिजली उपकरणों की मदद से ठंडक पाने में लगे हुए है जिससे वह आम जनता को बिजली के चलते होने वाली परेशानियों को नही देख पा रहे है। नागरिकों को कहना है कि अगर बिजली अधिकारियों का जनता के प्रति यही रवैया रहा तो वह आंदोलन करने को बाध्य हो सकते है।






