उझानी

कछला स्थित गंगा नदी में स्नान करते वक्त डूबे फिरोजाबाद निवासी बाप-बेटा, बेटे को बचाया, बाप की तलाश जारी

Up Namaste

उझानी,(बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र के कछला स्थित गंगा नदी में पूर्णिमा पर स्नान करने कछला पहुंचे फिरोजाबाद जनपद के रहने वाले पिता-पुत्र स्नान करते वक्त गंगा नदी में डूब गए। इस दौरान गोताखोरों ने पुत्र को बचा लिया मगर पिता गहरे पानी में पहुंच कर लापता हो गया। हादसे पर पहुंची पुलिस ने पिता की तलाश शुरू कराई मगर न मिलने पर एसडीआरएफ की टीम को मुरादाबाद से बुला लिया। अब टीम गंगा में डूबे युवक की तलाश करने में जुट गई है। इस हादसे की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया और वह गंगा तट पर पहुंच गए।

फिरोजाबाद जिले के दक्षिण थाना क्षेत्र के इलाका सुहागनगर निवासी 25 साल के विष्णु पुत्र सत्यनारायण दीक्षित फागुन पूर्णिमा पर कछला स्थित मां भागीरथी के तट पर सुबह पहुंचे थे। बताते हैं कि विष्णु अपने आठ वर्षीय पुत्र कार्तिक के साथ गंगा में स्नान कर रहा था इसी दौरान अचानक वह गहरे पानी में पुत्र सहित पहुंच गया और डूबने लगा। विष्णु की चीख पर गंगा में कूदे गोताखोरों ने किसी तरह से बेटे कार्तिक को गंगा में डूबने से बचा लिया लेकिन वह विष्णु को गंगा में डूबने से नही बचा सके। बताते है कि गोताखोरों ने गंगा में उतर कर उसकी तलाश की मगर वह न मिल सका।

हादसे की सूचना जब पुलिस को मिली तब कछला चौकी प्रभारी कपिल कुमार पुलिस बल के साथ गंगा तट पर पहुंच गए और डूबे विष्णु की तलाश शुरू करा दी लेकिन शाम तक उसका कोई पता न चल सका। बताते हैं कि कछला चौकी पुलिस ने पूरे घटनाक्रम से अपने अधिकारियों को अवगत करा कर एसडीआरएफ की टीम को भेजने का अनुरोध किया जिससे मुरादाबाद से एसडीआरएफ की टीम ने कछला पहुुंच कर गंगा में डूब कर लापता हुए विष्णु की तलाश शुरू कर दी लेकिन देर शाम तक उसका कोई पता न चल सका है। विष्णु की डूबने की सूचना पर उसके परिवार में चीत्कार मच गई है और परिजन गंगा तट पर पहुंच गए है।

 

Leave a Reply

error: Content is protected !!