उझानी(बदायूं)। नगर के बरी बाइपास संजरपुर रोड पर नशे की हालत में मिले एक युवक को पुलिस ने अस्पताल में ंभर्ती कराया है। डाक्टर ने उसकी हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रैफर कर दिया मगर उसे ले जाने के लिए 108 एम्बुलेंस सूचना देने के कई घंटे तक अस्पताल नही पहुंच सकी है।
शनिवार की दोपहर बरीबाइपास संजरपुर रोड पर एक युवक बेहोशी हालत में पड़ा हुआ था। नागरिकों ने इसकी सूचना पुलिस को दी जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची और बेहोश पड़े युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। डाक्टर ने उसका प्राथमिक उपचार किया और उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रैफर कर दिया।
इस दौरान युवक के साथ मौजूद पुलिस कर्मियों ने बताया कि युवक के पास कपड़ों से भरा एक थैला है और उसके पास से एक आधार कार्ड मिला है जिसमें उसका नाम एवरन पुत्र कृपाल निवासी बमनपुरा म्यासुर जनपद कासगंज लिखा है। होमगार्ड अमृतपाल ने बताया कि युवक के पास से मिले मोबाइल नम्बरों के आधार पर उसके परिजनों को सूचना दे दी है।
संभावना जताई जा रही है कि जहरखुरानी गिरोह के सदस्यों ने उसे नशा देकर लूट लिया होगा और रही सही कसर बस चालक और परिचालक ने पूरी कर उसे उझानी में फेंक दिया। होमगार्डो ने बताया कि युवक को जिला अस्पताल रैफर करने के बाद डाक्टर समेत उन्होंने भी 108 पर फोन किया मगर तीन घंटे गुजर जाने के बाद भी एम्बुलेंस अस्पताल पर नही पहुंची है।




