उझानीधर्म संसार

महादेव की भक्ति में आकंठ डूब गए नर-नारी और बच्चें, हर-हर महादेव से गुंजायमान रहा जिला

Up Namaste

बदायूं। महाशिवरात्रि का पर्व जिले भर में आस्था, उल्लास और श्रद्धापूर्वक मनाया गया। नर-नारियों और बच्चों ने शिवालयों में पहुंच कर देवो के देव महादेव और शिवलिंगों का जलाभिषेक का पूजा-अर्चना की, इस दौरान हर-हर महादेव के स्वर गुंजायमान रहे। जिले के सभी शिव मंदिरों और शिवालयों को भव्यता के साथ सजाया और संवारा गया और देर रात तक भजन कीर्तन का सिलसिला चलता रहा।

महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर तड़के से ही पूरे जिले में उल्लास का वातारवण नजर आ रहा था। चारों ओर हर हर महादेव का जयघोष गुंजायमान हो रहा था। सुबह चार बजते ही शिव भक्तों का शिव मंदिरों एवं शिवालयों में पहुंचना शुरू हो गया। शिव भक्तों ने मंदिरों देवाधिदेव महादेव और शिवलिंगों पर बेलपत्र, बेर, सिंघाड़ी, फल-फूल चढ़ाने के उपरांत जलाभिषेक किया। इसके बाद जलाभिषेक का सिलसिला दोपहर तक निरंतर चलता रहा। बड़ी संख्या में मंदिरों में पहुंच कर शिव भक्त नर-नारी और बच्चों ने महादेव की पूजा अर्चना की और सबके कल्याण एवं परिवार की सुख समृद्धि की कामना आदि की। शहर के बिरूआबारी मंदिर समेत पूरे शहर के शिव मंदिरों में पूजा अर्चना का दौर देर रात तक चलता रहा।

उझानी। नगर में महाशिवरात्रि का पर्व धूमधाम और आस्था के साथ मनाया गया। नगर के प्राचीन शिवालयों और शिव मंदिरों में ब्रह्म मुहूर्त में पहुंचे शिव भक्तों ने महादेव और शिवलिंगों का जलाभिषेक किया और मंदिर में पूजा अर्चना कर सर्व समाज के कल्याण की प्रार्थनाएं भोलेनाथ से की। महाशिवरात्रि के पर्व पर नर-नारी और बच्चें महादेव की भक्ति में आकंठ डूबे नजर आ रहे थे। पूरे क्षेत्र में हर-हर महादेव का जयघोष गुंजायमान हो रहा था।

क्षेत्र के बुर्रा स्थित प्राचीन शिवालय, उझानी नगर के पुरानी मंडी के शिव मंदिर, बड़े महादेव मंदिर, गौशाला स्थित शिवालय के अलावा पूरे नगर के शिव मंदिरों में नर-नारी और बच्चों ने पहुंच कर जलाभिषेक एवं दुग्धाभिषेक किया और भोलेनाथ की पूजा अर्चना करते हुए सर्व समाज के कल्याण की कामनाएं की। महाशिवरात्रि के पर्व को शिव मंदिरों को भव्यता के साथ सजाया और संवारा गया। सुबह से लेकर देर रात तक मंदिरों पर भजन कीर्तन का दौर चलता रहा जिससे पूरे क्षेत्र का वातावरण शिवमय हो गया।

क्षेत्र के गांव बुर्रा में महाशिवरात्रि से लगने वाला मेला भी प्रारंभ हुआ। यहां कई जनपदों के शिवभक्तों ने मंदिर में पहुंच कर शिवलिंग का जलाभिषेक किया। मेला में ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भण्डारे का आयोजन किया जिसमें वहां पहुंचे भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। बुर्रा के प्राचीन मंदिर को भव्यता के साथ सजाया संवारा गया।

बिल्सी। महाशिवरात्रि के पर्व पर क्षेत्रवासियों ने शिवालयों में पहुंच कर आस्था और श्रद्धा के साथ भगवान शंकर का जला एवं दुग्धाभिषेक किया। इस पावन अवसर पर शिव भक्तों ने अपने घरों के अलावा मंदिरों में पूजा अर्चना की। महाशिवरात्रि के पर्व पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गंगा तट पर पहुंच कर जल भर कर भोलेनाथ का अभिषेक किया। इस दौरान नगर समेत ग्रामीण क्षेत्रों में मंदिरों पर भण्डारे आयोजित किये गए। जनपद के उपनगर सहसवान, बिसौली, बिनावर, दातागंज, कछला, वजीरगंज समेत अन्य उपनगरों एवं कस्बों के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में महाशिवरात्रि का पर्व धूमधाम के साथ मनाएं जाने की खबर मिली है। सुरक्षा की दृष्टि से पूरे जिले में पुलिस सक्रिय रही।

Up Namaste

Leave a Reply

error: Content is protected !!