तीन सिपाही भी मामूली घायल, सभी मेेडीकल कालेज रैफर
उझानी(बदायूं)। उझानी कोतवाली की कछला चौकी पुलिस ने शनिवार की दोपहर कासगंज जनपद के एक युवक को मुठभेड़ के दौरान गोली मार दी जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस दौरान तीन सिपाही भी घायल हुए हैं।
पुलिस का दावा हैं कि पुलिस की गोली से घायल युवक शातिर किस्म का वाहन चोर है जबकि अस्पताल में घायल अपराधी चीख-चीख कर पुलिस पर कादरचौक क्षेत्र में पकड़ने के बाद गोली मारने का आरोप लगाते हुए कह रहा था कि वह पुलिस का वांक्षित भी नही है फिर भी पुलिस ने उसके पैर में गोली मारी है। अपराधी समेत एक सिपाही को इलाज के लिए मेडीकल कालेज भेजा गया है।
कोतवाली की कछला चौकी पुलिस शनिवार की दोपहर एक युवक को लेकर सीएचसी पहुंची। युवक के पैर में गोली लगी हुई थी। पुलिस ने बताया कि आरोपी गौरव सिंह पुत्र विजय सिंह निवासी बढ़ारीकला थाना सहावर जनपद कासगंज अपराधी किस्म का युवक है। पुलिस ने बताया कि पुलिस को वाहन चोरी में उसकी तलाश थी। पुलिस के मु ताबिक गौरव अपने साथी जगवीर व अन्य के साथ ननाखेड़ा-कादरचौक मार्ग पर किसी वारदात को अंजाम देने के लिए खड़े थे तभी पुलिस को इसकी भनक लग गई और मौके पर पहुंच कर घेराबंदी कर ली। पुलिस ने बताया कि घेराबंदी होते देख बदमाशों ने पुलिस पर हमला कर दिया जिसके जबाब में पुलिस ने कार्रवाई की और एक गोली गौरव सिंह के पैर में जा लगी जिससे वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। गौरव को घायल देख उसके साथी भागने लगे लेकिन पुलिस ने जगवीर को भी धर दबोचा जबकि अन्य भागने में सफल रहे। पुलिस का दावा है कि इस मुठभेड़ में कछला चौकी पर तैनात सिपाही ओमकार धारदार हथियार से हमले में घायल हो गया। पुलिस ने सिपाही समेत अपराधी गौरव को इलाज के लिए उझानी अस्पताल में भर्ती कराया जहां से दोनों को राजकीय मेडीकल कालेज भेज दिया गया।
बताते हैं कि अस्पताल में घायल अपराधी गौरव सिंह चीख-चीख कर पुलिस पर जबरन पकड़ कर गोली मारने का आरोप लगाता रहा। घायल अपराधी का कहना हैं कि वह निर्दोष है। घायल अपराधी गौरव सिंह के पिता कासगंज जनपद में होमगार्ड प्लाटून के कमांडर है। मुठभेड़ की जानकारी करने पर प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि घायल अपराधी शातिर किस्म का वाहन चोर है। उन्होंने उसके निर्दोष होने की बात पर कहा कि अपराधी बचने के लिए कहते हैं क्या उसकी बात मान ली जाएगी। फिलहाल पुलिस घायल अपराधी का इलाज कराने के साथ-साथ पकड़े गए अपराधी जगवीर से पूछताछ कर रही है।





